शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मूल्य वृद्धि की भरपाई के लिए केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) की अतिरिक्त किस्त जारी करने को मंजूरी दी है जि सके बाद महंगाई भत्ते (DA HIKE) और महंगाई राहत (DR HIKE) की दर 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी पहुंच गई है। नई दरें 01.01.2026 से प्रभावी होगी, ऐसे में जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 का बकाया भी मिलेगा।
बढ़े हुए डीए/डीआर का लाभ अप्रैल की सैलरी के साथ मई में मिलेगा। इस फैसले से सरकारी खजाने पर कुल मिलाकर 6791.24 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का बोझ पड़ेगा। इससे लगभग 50.46 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और 68.27 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा। यह वृद्धि स्वीकृत फार्मूले के अनुसार है, जो सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है।
आईए जानते हैं किसकी कितनी बढ़ेगी सैलरी?
- यदि कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, उन्हें वर्तमान में 10,440 रुपये (58% की दर से) DA मिल रहा है। 60% होने पर यह बढ़कर 10,800 रुपये हो जाएगा, यानी हर महीने 360 रुपये (4320 सालाना) की वृद्धि होगी।
- बेसिक सैलरी 20,000 है, उन्हें अभी तक 58% की दर से 11,600 डीए मिल रहा था और 60% डीए होने पर यह राशि बढ़कर 12,000 हो जाएगी। हर महीने 400 और सालाना 4,800 का लाभ होगा।
- यदि कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 30,000 रुपये है, तो 60% होने पर हर महीने 600 रुपये ( 7,200 सालाना) की वृद्धि होगी।
- 40,000 रुपये है तो 800, 50,000 रुपये है तो 1000, 60,000 रुपये है 1200, 70,000 रुपये है 1400, 80,000 रुपये है 1600, 90,000 रुपये है तो 1800 और 1.00,000 रुपये है तो 2000 रुपए ( 24,000) प्रति माह बढ़ेंगे।
- इसके अलावा जनवरी, फरवरी और मार्च का एरियर भी मिलेगा तो सैलरी और बड़ा उछाल देखने को मिलेगा।
कैसे होती है महंगाई भत्ते की गणना?
- महंगाई भत्ता एक भुगतान है जो केन्द्र और राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मुद्रास्फीति के प्रभाव को संतुलित करने के लिए देती हैं।
- यह वेतन का एक अतिरिक्त हिस्सा होता है, जिसे समय-समय पर महंगाई दर के आधार पर संशोधित किया जाता है। इसे उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के अनुसार तय करती है।
- केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते की गणना करने का एक फॉर्मूला है।
- फॉर्मूला है: 7वां सीपीसी डीए% = [{पिछले 12 महीनों के लिए एआईसीपीआई-आईडब्ल्यू (आधार वर्ष 2001=100) का 12 महीने का औसत – 261.42}/261.42×100]






