राजधानी दिल्ली में 20 फरवरी को हुए AI इम्पैक्ट समिट में हंगामे के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उन्हें 23 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया था। इस मामले में यह आठवीं गिरफ्तारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने इस कार्रवाई की तुलना ‘अंग्रेजों के शासन’ से की है।
सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद IYC के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से किए गए विरोध प्रदर्शन को देश विरोधी करार दिया जा रहा है।
“हमारे कुछ नेताओं ने AI समिट में शांतिपूर्ण विरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार और भाजपा इसे ‘एंटी-इंडिया’ बताने का प्रचार कर रही है। यह वही तरीका है, जैसा अंग्रेजों के शासन में होता था। सरकार का विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है, यह देश विरोधी नहीं है।” — शेष नारायण ओझा, राष्ट्रीय महासचिव, IYC
ओझा ने आरोप लगाया कि सरकार हर विरोध की आवाज को दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान भी नेताओं को हिरासत में लिया गया था और कई राज्यों में पुलिस ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
क्या था भारत मंडपम का पूरा मामला?
यह पूरा विवाद 20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शुरू हुआ था। इंडियन यूथ कांग्रेस के करीब 11 सदस्य समिट हॉल में घुस गए और उन्होंने शर्ट उतारकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इन कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली टी-शर्ट लहराई, जिस पर लिखा था ‘PM is Compromised’। इस दौरान उन्होंने नारे भी लगाए। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर क्यूआर कोड के जरिए हॉल में एंट्री की थी। उन्होंने अंदर टी-शर्ट पहन रखी थी और ऊपर से जैकेट और स्वेटर पहने हुए थे। हॉल नंबर 5 के पास उन्होंने अपने ऊपरी कपड़े उतारकर विरोध शुरू कर दिया।
अब तक 8 गिरफ्तार, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने घटना वाले दिन ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी 3 कांग्रेस नेताओं को पकड़ा गया। अब उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के साथ कुल संख्या 8 हो गई है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 22 फरवरी को एक आरोपी और यूथ कांग्रेस नेता कृष्ण हरि की कार से पीएम मोदी के चेहरे वाली टी-शर्ट और पोस्टर भी बरामद किए गए थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ये स्टिकर कहां छपवाए गए थे। इस घटना के विरोध में 21 फरवरी को भाजपा ने भी देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया था।






