दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव गुरुवार (18 सितंबर) की सुबह से शुरू हुए और कैंपस का माहौल चुनावी रंग में दिखा. लेकिन इसी बीच कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI ने चुनाव में धांधली के गंभीर आरोप लगाए. संगठन का कहना है कि प्रशासन पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया जा रहा है. NSUI प्रत्याशी जोसलिन नंदिता चौधरी ने दावा किया कि कई कॉलेजों में EVM मशीनों पर पहले से निशान लगे मिले, जिससे मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं.
जोसलिन का आरोप – “EVM में धांधली और समर्थकों पर हमले”
NSUI उम्मीदवार जोसलिन ने कहा कि वह हंसराज और किरोड़ीमल कॉलेज का दौरा कर चुकी हैं और देखा कि हर EVM मशीन पर ABVP प्रत्याशी आर्यन मान के आगे ब्लू इंक लगी हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम वोट चोरी हो रही है और ABVP कॉलेज प्रशासन की मिलीभगत से काम कर रही है. जोसलिन ने आगे कहा कि कॉलेजों के बाहर बदमाश और गुंडे खड़े होकर उनके समर्थकों और NSUI कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन चुप्पी साधे बैठा है.
NSUI अध्यक्ष वरुण चौधरी की चेतावनी
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि RSS-भाजपा से जुड़े कुछ फैकल्टी सदस्यों पर अनुपस्थित छात्रों के नाम से मतदान कराने का दबाव डाला जा रहा है. NSUI अध्यक्ष वरुण चौधरी ने चेतावनी दी कि अगर किसी भी कॉलेज में फर्जी मतदान हुआ तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे. उन्होंने मांग की कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी हों, ताकि छात्रों का भरोसा बना रहे. चौधरी ने कहा कि NSUI को मिल रहे समर्थन से विपक्षी खेमे में घबराहट है, इसी वजह से फर्जी वोटिंग जैसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं.
सख्त सुरक्षा, बड़ा मुकाबला
इस बार DUSU चुनाव में लगभग 2.75 लाख छात्र वोट डालने के पात्र हैं. सुरक्षा को देखते हुए कैंपस को पुलिस छावनी में बदला गया है और 600 पुलिसकर्मी व पांच पैरामिलिट्री यूनिट तैनात की गई हैं. मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि 780 ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और हर छात्र की पहचान की जांच के बाद ही मतदान की अनुमति दी जा रही है. अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला त्रिकोणीय है – NSUI से जोसलिन नंदिता चौधरी, ABVP से आर्यन मान और SFI-आइसा गठबंधन से अंजलि मैदान में हैं।





