
Famous poet Munawwar Rana’s condition critical : मशहूर शायर मुनव्वर राणा की तबितय गंभीर रूप से खराब है। उन्हें लखनऊ में अपोलो अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। उनकी बेटी सुमैया ने जानकारी दी कि उनकी तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी। पिछले हफ्ते अपोलो अस्पताल में ही उनके पित्ताशय का ऑपरेशन हुआ था लेकिन इसके बाद उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। फिलहाल उन्हें लाइप सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है।
उनकी तबियत खराब होने की खबर आते ही उर्दू अदब और साहित्यिक दुनिया में लोग उनके ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। अपने चहेते शायर के ठीक होने के लिए कई लोग भी प्रार्थना कर रहे हैं। वो उर्दू शायरी में एक मकबूल नाम हैं और उनके कई शेर काफी मशहूर हुए हैं। आइये पढ़ते हैं उनके ये कुछ मशहूर शेर और मिलकर उनके जल्द सेहतमंद होने की दुआ करते हैं।
आप को चेहरे से भी बीमार होना चाहिए
इश्क़ है तो इश्क़ का इज़हार होना चाहिए
…
ज़िंदगी तू कब तलक दर-दर फिराएगी हमें
टूटा-फूटा ही सही घर-बार होना चाहिए
…
बरसों से इस मकान में रहते हैं चंद लोग
इक दूसरे के साथ वफ़ा के बग़ैर भी
…
भुला पाना बहुत मुश्किल है सब कुछ याद रहता है
मोहब्बत करने वाला इस लिए बरबाद रहता है
…
एक क़िस्से की तरह वो तो मुझे भूल गया
इक कहानी की तरह वो है मगर याद मुझे
…
ताज़ा ग़ज़ल ज़रूरी है महफ़िल के वास्ते
सुनता नहीं है कोई दोबारा सुनी हुई
…
हम कुछ ऐसे तेरे दीदार में खो जाते हैं
जैसे बच्चे भरे बाज़ार में खो जाते हैं
…
अँधेरे और उजाले की कहानी सिर्फ़ इतनी है
जहाँ महबूब रहता है वहीं महताब रहता है
…
कभी ख़ुशी से ख़ुशी की तरफ़ नहीं देखा
तुम्हारे बाद किसी की तरफ़ नहीं देखा
…
किसी को घर मिला हिस्से में या कोई दुकाँ आई
मैं घर में सब से छोटा था मेरे हिस्से में माँ आई
…
मुख़्तसर होते हुए भी ज़िंदगी बढ़ जाएगी
माँ की आँखें चूम लीजे रौशनी बढ़ जाएगी
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

