Vande Bharat Sleeper: इसी महीने गुवाहाटी-कोलकाता रूट पर दौड़ेगी पहली ट्रेन, बिना VIP कोटे और RAC के होगी यात्रा!

भारतीय रेलवे इसी महीने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने जा रहा है। गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलने वाली इस ट्रेन में 823 बर्थ होंगी और इसमें कोई VIP कोटा या RAC की सुविधा नहीं होगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा।
Vande Bharat Sleeper: इसी महीने गुवाहाटी-कोलकाता रूट पर दौड़ेगी पहली ट्रेन, बिना VIP कोटे और RAC के होगी यात्रा!

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे लंबी दूरी की रात्री यात्रा को आरामदायक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसी महीने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटरी पर उतरने के लिए तैयार है, जो गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी। इस ट्रेन के लॉन्च के साथ ही रेलवे ने टिकटिंग सिस्टम में भी बड़े और पारदर्शी बदलाव किए हैं, जो इसे बाकी ट्रेनों से बिल्कुल अलग बनाते हैं।

टिकट बुकिंग के नए नियम, खत्म हुआ VIP कोटा!

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसका टिकटिंग सिस्टम है। सूत्रों की मानें तो वंदे भारत स्लीपर पूरी तरह से आम यात्रियों को समर्पित होगी और इसमें किसी भी तरह का VIP या इमरजेंसी कोटा लागू नहीं किया जाएगा। यहां तक कि वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी अपने पास का इस्तेमाल कर इसमें सफर नहीं कर पाएंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के लिए केवल कन्फर्म टिकट ही मान्य होगा।

इसके अलावा, ट्रेन में RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) की व्यवस्था भी खत्म करने की बात सामने आ रही है, जिससे प्रतीक्षा सूची या आधी बर्थ पर सफर करने का विकल्प नहीं होगा। इस कदम का मकसद यात्रियों को एक पारदर्शी और झंझट-मुक्त टिकटिंग अनुभव देना है।

अंदर से कैसी होगी वंदे भारत स्लीपर?

यह ट्रेन कुल 16 कोचों के साथ चलेगी, जिसमें यात्रियों के लिए 823 बर्थ उपलब्ध होंगी। इनमें एक फर्स्ट AC कोच (24 बर्थ), चार सेकंड AC कोच (188 बर्थ) और तीन थर्ड AC कोच (611 बर्थ) शामिल हैं। ट्रेन की बर्थ को एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन किया गया है और इसमें बेहतर कुशनिंग दी गई है ताकि यात्रियों को आरामदायक नींद मिल सके।

ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे, बेहतर वेस्टिब्यूल कनेक्शन, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम और कम शोर जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। यात्रियों को सामान्य ट्रेनों से बेहतर गुणवत्ता वाले अपग्रेडेड बेडरोल मिलेंगे। साथ ही, सफर के दौरान यात्रियों को उस रूट से जुड़े स्थानीय व्यंजन भी परोसे जाएंगे।

सुरक्षा और आराम पर विशेष जोर

यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे ध्यान में रखते हुए ट्रेन को ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम से लैस किया गया है। आपात स्थिति के लिए इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और स्वच्छता के लिए डिसइंफेक्टेंट तकनीक भी मौजूद है। रेलवे का दावा है कि यह ट्रेन भारत की सांस्कृतिक विविधता को भी दर्शाएगी, जिसके लिए सभी स्टाफ एक समान यूनिफॉर्म में नजर आएंगे। कुल मिलाकर, यह ट्रेन लंबी दूरी की रात्री यात्रा को ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और अनुशासित बनाने का वादा करती है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews