Hindi News

अवैध सट्टेबाजी ऐप मामले में पूर्व TMC सांसद की मुश्किलें बढ़ीं, ईडी के समक्ष पेश हुईं मिमी चक्रवर्ती

Written by:Mini Pandey
Published:
1xBet के अनुसार, यह एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाजी कंपनी है, जो 18 वर्षों से इस उद्योग में सक्रिय है और 70 भाषाओं में अपनी वेबसाइट और ऐप प्रदान करती है।
अवैध सट्टेबाजी ऐप मामले में पूर्व TMC सांसद की मुश्किलें बढ़ीं, ईडी के समक्ष पेश हुईं मिमी चक्रवर्ती

पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती सोमवार को अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुईं। 36 वर्षीय मिमी का बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जा रहा है, जो 1xBet नामक एक कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से संबंधित है। ईडी का मानना है कि मिमी का इस ऐप से कुछ प्रचार और वित्तीय लेनदेन के माध्यम से संबंध है, जिसके बारे में जांच एजेंसी विस्तार से जानकारी चाहती है।

यह जांच कई ऐसे अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़ी है, जो कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी और कर चोरी में शामिल हैं। इस मामले में पहले पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी ईडी पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, जो 1xBet की भारतीय ब्रांड एम्बेसडर हैं और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा को मंगलवार को ईडी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है।

मान्यता प्राप्त सट्टेबाजी कंपनी

1xBet के अनुसार, यह एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाजी कंपनी है, जो 18 वर्षों से इस उद्योग में सक्रिय है और 70 भाषाओं में अपनी वेबसाइट और ऐप प्रदान करती है। भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के करीब 22 करोड़ उपयोगकर्ता हैं, जिनमें से लगभग 11 करोड़ नियमित उपयोगकर्ता हैं। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, भारत में यह बाजार 100 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का है और 30 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।

प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाया

केंद्र सरकार ने हाल ही में ऑनलाइन रियल-मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाया है। संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, 2022 से जून 2025 तक सरकार ने 1,524 ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ मंचों को ब्लॉक करने के आदेश जारी किए हैं। ईडी आने वाले दिनों में और अधिक खिलाड़ियों और हस्तियों से पूछताछ कर सकती है।