नई दिल्ली: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सीए फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल सितंबर 2025 परीक्षाओं के रिजल्ट की तारीख का ऐलान कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने ये परीक्षाएं दी थीं, वे आज 3 नवंबर 2025 को अपने नतीजे देख सकेंगे। परिणाम ICAI की आधिकारिक वेबसाइट्स icai.org और icai.nic.in पर उपलब्ध होंगे।
संस्थान ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की है। उम्मीदवारों को अपना रिजल्ट देखने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर की जरूरत होगी।
“सितंबर 2025 में आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स फाइनल, इंटरमीडिएट और फाउंडेशन परीक्षाओं के परिणाम 3 नवंबर 2025 को घोषित होने की संभावना है; उम्मीदवार वेबसाइट icai.nic.in पर इसे देख सकते हैं।” — ICAI की आधिकारिक सूचना
ICAI के अनुसार, फाइनल और इंटरमीडिएट के नतीजे दोपहर करीब 2 बजे घोषित किए जाएंगे, जबकि फाउंडेशन कोर्स का रिजल्ट उसी दिन शाम करीब 5 बजे जारी होगा।
ऐसे चेक करें अपना CA रिजल्ट 2025
उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके आसानी से अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं:
स्टेप 1: सबसे पहले ICAI की आधिकारिक रिजल्ट वेबसाइट icai.nic.in और icai.org पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर दिख रहे CA Foundation Result 2025, CA Inter Result 2025 या CA Final Result 2025 के लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3: एक नई विंडो खुलेगी, जिसमें आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर दर्ज करना होगा।
स्टेप 4: जानकारी सबमिट करने के बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए एक प्रिंटआउट लेकर रख लें।
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
ICAI ने पासिंग क्राइटेरिया भी निर्धारित किया है। सीए फाउंडेशन परीक्षा में पास होने के लिए उम्मीदवारों को सभी विषयों में कम से कम 40 अंक और कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।
इसके अलावा, जो उम्मीदवार कुल मिलाकर 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें “पास विद डिस्टिंक्शन” (Pass with Distinction) का स्टेटस दिया जाएगा। रिजल्ट के साथ ही पास प्रतिशत और मेरिट लिस्ट जैसी अन्य जानकारियां भी जारी की जा सकती हैं।






