Hindi News

दिल्ली AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन का मामला, क्राइम ब्रांच का दावा- ‘गहरी साजिश’ के मिले ठोस सबूत

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत मंडपम में हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसे एक 'गहरी साजिश' करार देते हुए जांच इंटरस्टेट सेल को सौंप दी है।
दिल्ली AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन का मामला, क्राइम ब्रांच का दावा- ‘गहरी साजिश’ के मिले ठोस सबूत

नई दिल्ली में हुए इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में शर्टलेस प्रदर्शन के मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को इस मामले में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि इस विरोध प्रदर्शन के पीछे एक ‘गहरी साजिश’ के ठोस सबूत मिले हैं।

यह घटना 20 फरवरी को समिट के दौरान हुई थी, जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ‘Compromised Prime Minister’ लिखे पोस्टरों के साथ शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। एक वैश्विक आयोजन में इस तरह के प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला था।

गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज

इस घटना के खिलाफ तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर लगाई गई धाराओं में 61(2), 121(1), 132, 190, 195(1), 221, 223(A), 197, 3(5) और धारा 196 शामिल हैं। इनमें से धारा 196 (धर्म, जाति, भाषा आदि के आधार पर दुश्मनी फैलाना) एक गैर-जमानती अपराध है, जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है।

क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल करेगी जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच अब क्राइम ब्रांच की विशेष यूनिट, इंटरस्टेट सेल को सौंप दी गई है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने एक प्रेस ब्रीफिंग में इस कार्रवाई की पुष्टि की।

“अब तक की जांच के आधार पर हमें ठोस सबूत मिले हैं कि यह घटना एक गहरी साजिश के तहत की गई थी। इस मामले की आगे की जांच अब क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल को सौंप दी गई है। विस्तृत जांच चल रही है।”- देवेश चंद्र श्रीवास्तव, स्पेशल सीपी, क्राइम ब्रांच

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तारी के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर इस मामले में और भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews