5 साल बाद एक बार फिर भारत और चीन के बीच सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इसके लिए दोनों देशों के बीच सहमति बन गई है। गुरुवार को विदेश मंत्रालय की ओर से एक प्रेस रिलीज में इसका ऐलान किया गया और जैसे ही विदेश मंत्रालय की ओर से यह घोषणा हुई, उसके थोड़ी ही देर बाद एयरलाइंस इंडिगो ने भी दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानों को फिर से शुरू करने का ऐलान करते हुए 26 अक्टूबर की तारीख तय की। जानकारी दें कि चीन से जुड़ने वाली यह फ्लाइट कोलकाता से ग्वांगझू के बीच शुरू की जाएगी।
इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस द्वारा यह जानकारी दी गई है कि दिल्ली और ग्वांगझू के बीच भी जल्द ही सीधी उड़ान शुरू की जाएगी। इसके लिए इंडिगो अपने एयरबस A320neo विमान का इस्तेमाल करेगी। एयर इंडिया की ओर से भी भारत और चीन के बीच चलने वाली फ्लाइट को लेकर जानकारी दी गई है, हालांकि यह इस साल के आखिर तक शुरू हो सकती है।
Press Release: Resumption of direct air services between India and China
🔗 https://t.co/oArqge7F4G— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) October 2, 2025
कब से बंद है दोनों देशों के बीच ये फ्लाइट?
जानकारी दें कि 2020 में कोरोना महामारी के बाद भारत और चीन के बीच चलने वाली सभी सीधी फ्लाइट्स को बंद कर दिया गया था। इसी बीच दोनों देशों के बीच गलवान में झड़प देखने को मिली थी। इसके बाद से ही दोनों देशों के संबंध बिगड़ गए और फ्लाइट्स नहीं चलाई जा सकीं। लेकिन अब दोनों देशों के बीच संबंध सुधर रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन पहुंचे थे, जहां उन्होंने शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। विदेश मंत्रालय का भी कहना है कि अब दोनों देशों के बीच धीरे-धीरे संबंध सुधर रहे हैं और यह सीधी फ्लाइट शुरू करना संबंधों को सामान्य करने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है।
अभी ऐसे पहुंचना पड़ता है चीन
फिलहाल भारत और चीन के बीच चलने वाली यह सीरीज फ्लाइट सर्दियों के समय के हिसाब से चलाई जाएगी। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या दोनों देशों की एयरलाइंस इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं और सभी नियम पूरे किए जाएंगे। दोनों देशों के अधिकारियों द्वारा कई महीनों से इस पर चर्चा की गई और फैसला लिया गया है कि अक्टूबर 2025 के अंत तक भारत और चीन के बीच सीधी फ्लाइट शुरू की जाएगी। कोविड के बाद से चीन के लिए सीधी फ्लाइट बंद है, जिसके चलते नागरिक थाईलैंड, सिंगापुर या मलेशिया जैसे देशों से होकर चीन पहुंच रहे थे। ऐसे में यात्रियों को ज्यादा समय और खर्च दोनों लग रहा था, लेकिन अब सीधी फ्लाइट शुरू हो जाने से यात्रियों को राहत मिलेगी।





