MP Breaking News

वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन, विपक्षी सांसद हिरासत में, राहुल गांधी बोले- ये राजनीतिक नहीं, संविधान बचाने की लड़ाई, प्रियंका ने सरकार को कायर कहा

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा हमारी मांग है कि वोट चोरी को लेकर सारे विपक्ष के सांसद सामूहिक रूप से चुनाव आयोग को एक दस्तावेज पेश करें। लेकिन हमें चुनाव आयोग तक मार्च नहीं निकालने दिया जा रहा है, बीच में ही रोक दिया गया है। ये संसद के सामने ही लोकतंत्र की हत्या है।
India Block Parties protest against vote theft

भारत निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाने के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक की पार्टियाँ मोदी सरकार के खिलाफ और भी मुखर हो गई है, चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन कर रही विपक्षी पार्टियाँ आज चुनाव आयोग तक प्रदर्शन करने निकली थी लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया, पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित बड़ी संख्या में सांसदों को हिरासत में ले लिया।

चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए वोट चोरी करने और चुनावों में गड़बड़ियों को प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से मीडिया को दिखाकर देश की जनता तक पहुँचाने वाले राहुल गांधी अपने दावों पर अडिग है और चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट की डिजिटल  साफ कॉपी मांग रहे हैं हालाँकि चुनाव आयोग ने राहुल के दावों को भ्रमित करने वाला और उनकी मांग को गलत बताते हुए कहा है कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रारूप और अंतिम मतदाता सूची की भौतिक और डिजिटल कॉपियां उनके हस्ताक्षर के साथ दी जाती है लेकिन राहुल गांधी अभी भी अपनी मांग पर अड़े है।

INDIA ब्लॉक पार्टियों का प्रदर्शन  

आज राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक की पार्टियों ने चुनाव आयोग तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन की घोषणा की थी, इंडिया ब्लॉक में शामिल विपक्षी दलों के सांसदों ने प्रदर्शन शुरू लिया लेकिन कुछ दूर बाद ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया और आगे नहीं जाने दिया, इस दौरान पुलिस के साथ कुछ सांसदों की बहस भी हुई, केसी वेणुगोपाल सहित कई सांसदों  ने इसपर आपत्ति जताई।

मोदी सरकार कायर है : प्रियंका गांधी 

सांसदों ने बैरिकेड से आगे जाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और फिर हिरासत में ले लिए, हिरासत में लिए जाने के बाद सांसद प्रियंका गांधी ने कहा मोदी सरकार कायर है इसलिए डर रही है, BJP और चुनाव आयोग मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। इसके खिलाफ INDIA के सांसद चुनाव आयोग तक मार्च निकाल रहे हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी ने पुलिस भेजकर विपक्ष के सांसदों को आगे जाने से रुकवा दिया। आखिर नरेंद्र मोदी को किस बात का डर है?

ये संविधान को बचाने की लड़ाई है: राहुल गांधी 

राहुल गांधी ने कहा कि सच्चाई ये है कि वो हमसे बात नहीं कर सकते , वोट चोरी की सच्चाई देश के सामने आ चुकी है। ये लड़ाई राजनीतिक नहीं है, ये संविधान को बचाने की लड़ाई है। ये एक व्यक्ति-एक वोट की लड़ाई है, इसलिए हमें साफ वोटर लिस्ट चाहिए।

समझ नहीं आता उसे किस बात का डर है?: खड़गे 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा  सरकार हमें चुनाव आयोग तक पहुंचने नहीं देती,  हमें समझ नहीं आता उसे किस बात का डर है? इस मार्च में सभी सांसद थे, ये वीवीआईपी लोगों का प्रदर्शन है,  हम शांतिपूर्ण ढंग से मार्च निकाल रहे थे। हम चाहते थे कि चुनाव आयोग सभी सांसदों को बुलाता, हम मीटिंग करते 200-300 लोगोंको बुलाते, सब सांसद अपना-अपना पक्ष रखते, लेकिन चुनाव आयोग कह रहा है कि सिर्फ 30 मेंबर आएं। ऐसा कैसे संभव है?

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews
वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन, विपक्षी सांसद हिरासत में, राहुल गांधी बोले- ये राजनीतिक नहीं, संविधान बचाने की लड़ाई, प्रियंका ने सरकार को कायर कहा