फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि की घोषणा की। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने बताया कि भारत और फ्रांस मिलकर विश्व का पहला ऐसा हेलीकॉप्टर तैयार करेंगे जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एच-125 हेलीकॉप्टर भारत में निर्मित होगा और पूरे विश्व को निर्यात किया जाएगा। उन्होंने इसे दोनों देशों की तकनीकी साझेदारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि इनोवेशन आइसोलेशन से नहीं, बल्कि कोलेबोरेशन से होता है।
भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी का नया दौर
पीएम मोदी ने फ्रांस को भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि आज दोनों देश अपने संबंधों को स्पेस, ग्लोबल, स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप के रूप में स्थापित कर रहे हैं। यह केवल द्विपक्षीय साझेदारी नहीं है, बल्कि वैश्विक स्थिरता और प्रगति की साझेदारी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर इस रणनीतिक साझेदारी को अभूतपूर्व गहराई और ऊर्जा दी है। उन्होंने बताया कि भारत और फ्रांस के बीच कोई सीमा नहीं है और हाल ही में यूरोपीय संघ के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारत-फ्रांस संबंधों में अभूतपूर्व गति आएगी।
तकनीक और इनोवेशन में सहयोग
पीएम मोदी ने घोषणा की कि दोनों देश हेल्थ में एआई के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर, डिजिटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर और एयरोनॉटिक्स में स्किलिंग के लिए नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लॉन्च करेंगे। उन्होंने इन्हें भविष्य-निर्माण के प्लेटफार्म बताया।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर क्षेत्र में दोनों देश अपनी इंडस्ट्री और इनोवेशन को जोड़ेंगे। स्टूडेंट और रिसर्च के आदान-प्रदान को भी सुगम बनाया जाएगा। पीएम मोदी ने बताया कि जल्द ही फ्रांस में स्वामी विवेकानंद कल्चर सेंटर खोला जाएगा।
आतंकवाद और वैश्विक शांति पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप को जड़ से मिटाना भारत और फ्रांस की साझी प्रतिबद्धता है।
वैश्विक संकटों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन, पश्चिमी एशिया या फिर इंडो-पैसिफिक – हर क्षेत्र में शांति के सभी प्रयासों का समर्थन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है और ऐसे में भारत-फ्रांस साझेदारी वैश्विक स्थिरता के लिए एक ताकत है।
पीएम मोदी ने कहा कि इंटरनेशनल सोलर अलायंस और IMEC के जरिए दोनों देश समृद्धि को बल देते रहेंगे। उन्होंने 2026 को भारत-यूरोप संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया और कहा कि आज हम मिलकर एक नए अध्याय का शुभारंभ कर रहे हैं।





