Hindi News

भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने टैरिफ 18% घटाया, PM मोदी ने कहा- ‘मेरे प्यारे दोस्त का धन्यवाद’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
Last Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक बड़ी ट्रेड डील की घोषणा की है, जिसके तहत भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 18% तक घटाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए ट्रंप का आभार जताया और कहा कि इससे दोनों देशों के लोगों को फायदा होगा।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील: ट्रंप ने टैरिफ 18% घटाया, PM मोदी ने कहा- ‘मेरे प्यारे दोस्त का धन्यवाद’

भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि एक नई ट्रेड डील के तहत भारतीय उत्पादों पर लगने वाले टैरिफ में 18 फीसदी की कटौती की जाएगी। इस ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया।

सोमवार (2 फरवरी, 2026) को दोनों नेताओं के बीच फोन पर लंबी बातचीत हुई, जिसमें व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बातचीत के बाद ही ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस डील की जानकारी साझा की।

PM मोदी ने X पर जताई खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि अपने ‘प्यारे दोस्त’ राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा और इस बात की खुशी है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अब टैरिफ कम होगा।

“इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद।” — नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे न केवल दोनों देशों के लोगों को फायदा होता है, बल्कि आपसी सहयोग के नए अवसर भी खुलते हैं। उन्होंने वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए ट्रंप के नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताया।

ट्रेड डील की शर्तों पर ट्रंप का बड़ा दावा

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्ट में इस ट्रेड डील की कुछ अहम शर्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के अनुरोध पर यह सहमति बनी है। ट्रंप के मुताबिक, इस समझौते के तहत अमेरिका, भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करेगा।

इसके जवाब में भारत, अमेरिका के खिलाफ अपने सभी टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य करने की दिशा में काम करेगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस डील के तहत भारत, रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा और इसकी बजाय अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेगा।

‘मोदी मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक’

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में पीएम मोदी के साथ अपनी दोस्ती का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ‘आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे मित्रों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं।’ इस बातचीत से दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !