Hindi News

हवाई यातायात पर कोहरे की मार, IGI एयरपोर्ट पर 40 उड़ाने रद्द, 220 फ्लाइट हुई लेट

Written by:Diksha Bhanupriy
Published:
घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। कई उड़ानों की संचालन में देरी हुई है वहीं कुछ को डायवर्ट और रद्द कर दिया गया।
हवाई यातायात पर कोहरे की मार, IGI एयरपोर्ट पर 40 उड़ाने रद्द, 220 फ्लाइट हुई लेट

ठंड और कोहरे की वजह से हवाई यातायात पर एक बार फिर असर पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की यात्रा व्यवस्था पूरी तरह से गड़बड़ हो गई है। यहां सोमवार सुबह से शाम 6 बजे तक करीब 220 उड़ानों के परिचालन में देरी देखने को मिली। वहीं 40 उड़ानों को रद्द कर दिया गया।

इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से निकलने वाले 10 विमान ऐसे रहे जिन्हें डायवर्ट किया गया। खराब दृश्यता के चलते परिचालन में काफी बाधा आई। यात्रियों से लेकर एयरपोर्ट स्टाफ और अधिकारी दिन भर परेशान नजर आए। एयरलाइंस ने यात्रियों को अपनी फ्लाइट के लिए अपडेट रहने की सलाह दी है।

कोहरे से कई उड़ाने डायवर्ट

खराब दृश्यता के चलते जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ की ओर विमान को डाइवर्ट किया गया। सुबह के समय सबसे कठिन हालात देखने को मिले। सुबह 4 बजे से 9 बजे के बीच रनवे पर विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई जिसकी वजह से परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया।

विमानों की लगी लंबी कतार

दोपहर 12 बजे के बाद जब धूप निकली और दृश्यता में सुधार आया इसके बाद लैंडिंग प्रक्रिया में तेजी देखने को मिली। हालांकि, एक के बाद एक हुए बैकलॉग के कारण रनवे पर विमानों की लंबी कतार देखने को मिली।

यात्रियों के लिए एडवाइजरी

भारतीय विमानपतन प्राधिकरण ने स्थिति को देखते हुए अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एएआई ने कहा कि हवाई अड्डों पर घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम है, जिससे परिचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वह एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान का स्टेटस चेक कर लें। हमारी टीम यात्रियों की सहायता के लिए ग्राउंड पर पूरी तरह से मुस्तैद है।

उड़ानों में हुई देरी

सुबह हुए बैकलॉग के बाद जब दोपहर में कोहरा कम हुआ उसके बाद भी प्रस्थान के लिए यात्रियों को तीन से चार घंटे का इंतजार करना पड़ा। दरअसल एयर ट्रैफिक और एयरलाइंस के क्रू मेंबर्स की ड्यूटी समय सीमा समाप्त होने और कनेक्टिंग फ्लाइट न पहुंचने की वजह से कई उड़ाने रद्द कर दी गई। इसकी वजह से टर्मिनल 1 और टर्मिनल 3 पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूसरी तरफ एयरपोर्ट प्रबंधन मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच एयरपोर्ट पर परिचालन जारी रखने की मशक्कत करता दिखाई दिया।