Hindi News

सामान्य हो रहे इंडिगो के हालात.. यात्रियों को दिया गया पूरा रिफंड, कंपनी के CEO ने दी मौजूदा स्थिति की जानकारी

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स का कहना है कि कंपनी फिर से पटरी पर लौट रही है। हजारों ग्राहकों को उनका पूरा रिफंड भी दिया जा चुका है और जो भी बचे हुए हैं उनके रिफंड की प्रक्रिया लगातार जारी है। हवाई अड्डों पर फंसे ज्यादातर बैग यात्रियों के घरों तक पहुंचा दिए गए हैं।
सामान्य हो रहे इंडिगो के हालात.. यात्रियों को दिया गया पूरा रिफंड, कंपनी के CEO ने दी मौजूदा स्थिति की जानकारी

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (Indigo) इस समय कई परेशानियों से जूझ रही है। पिछले एक सप्ताह में 4 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। वहीं सरकार ने भी कंपनी पर सख्त एक्शन लिया है। हालांकि डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) द्वारा भेजे गए नोटिस का कंपनी ने सोमवार को जवाब दे दिए हैं। कंपनी का कहना है कि अब हालात सामान्य होते जा रहे हैं। मंगलवार को कंपनी के CEO पीटर एल्बर्स ने वीडियो जारी कर मौजूदा स्थिति की जानकारी दी है।

सामान्य हो रहे इंडिगो के हालात-CEO

कंपनी के CEO का कहना है कि इंडिगो फिर से पटरी पर लौट रहा है। हजारों ग्राहकों को उनका पूरा रिफंड भी दिया जा चुका है और जो भी बचे हुए हैं उनके रिफंड की प्रक्रिया लगातार जारी है। हवाई अड्डों पर फंसे ज्यादातर बैग यात्रियों के घरों तक पहुंचा दिए गए हैं। हम उनकी जरूरतों को भी पूरा कर रहे हैं।

सोमवार से हम अपने नेटवर्क में सभी 138 डेस्टिनेशन पर वापस आ गए हैं। हम सरकार के साथ पूरे कोऑपरेशन में काम कर रहे हैं। साथ ही हमने अंदर ही अंदर इस बात पर फोकस करना शुरू कर दिया है कि ऐसा क्यों हुआ, क्या सबक सीखने हैं और कैसे और मजबूत होकर उभरना है।

पीटर एल्बर्स का कहना है कि मंगलवार को 1800 से ज्यादा उड़ानें संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर को केवल 700 फ्लाइट ऑपरेटर की गई थीं। धीरे-धीरे इसमें सुधार हो रहा है। 6 दिसंबर को इंडिगो की 1500 फ्लाइट ऑपरेट की जबकि 7 दिसंबर को यह संख्या 1650 रही। वहीं सोमवार को 1800 उड़ानें भरी गईं। हमारी स्थिति बेहतर होती जा रही है।

भारत सरकार ने उठाया बड़ा कदम

भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय के डिप्टी सेक्रेटरी, डायरेक्टर और ज्वाइंट सेक्रेटरी जैसे बड़े अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे जल्द ही देश के बड़े हवाई अड्डों पर जाकर जमीनी हकीकत का जायजा लें। ये अधिकारी मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे, गुवाहाटी, गोवा और तिरुवनंतपुरम जैसे हवाई अड्डों का दौरा करेंगे।

इसके साथ ही राम मोहन नायडू ने लोकसभा में कहा कि इंडिगो की जवाबदारी तय की जाएगी। पैसेंजर की सुरक्षा के लिए नियम बनाएंगे। कंपनी को तत्काल रिफंड देने को कहा गया है। इसके अलावा कंपनी को बुधवार शाम 5 बजे तक DGCA को एक बदला हुआ शेड्यूल जमा करने का भी निर्देश दिया गया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews