जयपुर में गिराई जा रही है 45 साल पुरानी नूरानी मस्जिद, कई अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, कड़ी सुरक्षा के बीच इंटरनेट सेवाएं बंद

80 फीट सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत नूरानी मस्जिद, एक मजार, दो मंदिर और एक सत्संग भवन समेत कई निर्माणों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो रही है। प्रशासन ने लगभग 3000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
Jaipur Noorani Mosque

Jaipur Noorani Mosque

राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत लगभग 45 वर्ष पुरानी नूरानी मस्जिद को भी गिराया जा रहा है। कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा नंदपुरी रोड के चौड़ीकरण परियोजना के तहत की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क की स्वीकृत चौड़ाई 80 फीट है, जबकि विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के कारण इसकी चौड़ाई काफी कम रह गई है। इसी कारण सड़क के अधिकार क्षेत्र में आने वाले निर्माणों को हटाया जा रहा है।

नूरानी मस्जिद सहित कई अवैध निर्माण ध्वस्त

जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र के नंदपुरी अशोक कॉलोनी में स्थित 45 वर्ष पुरानी नूरानी मस्जिद को आज जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा गिराया जा रहा है। यह कार्रवाई 80 फीट रोड चौड़ीकरण के तहत अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान का हिस्सा है। नूरानी मस्जिद के अलावा एक मजार, दो मंदिर और एक सत्संग भवन सहित कई अन्य निर्माण भी इस कार्रवाई की ज़द में हैं। प्रशासन का कहना है कि संबंधित पक्षों को पहले ही नोटिस देकर स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद अब प्रशासन सीधे कार्रवाई कर रहा है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, इंटरनेट बंद 

कार्रवाई के दौरान लगभग 3000 पुलिसकर्मियों और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन को आशंका है कि कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन हो सकते हैं इसलिए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रभावित इलाकों में हाई अलर्ट है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए और सोशल मीडिया पर अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने अस्थायी रूप से मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं। आदेश के अनुसार 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और बल्क मैसेजिंग सेवाओं पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews