जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के नेता प्रख्यात पत्रकार रहे हरिवंश नारायण सिंह एक बार फिर राज्यसभा सांसद बनाए गए हैं। उनका कार्यकाल कल 9 अप्रैल को ही पूरा हुआ था, पिछले कार्यकाल में वे राज्यसभा के उप सभापति भी रहे । हरिवंश नाम से लोकप्रिय हरिवंश नारायण सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा सांसद मनोनीत किया है। अब उनका कार्यकाल 2032 तक रहेगा।
गृह मंत्रालय ने गजट नोटिफिकेशन के माध्यम से इसकी जानकारी सार्वजनिक की, गजट के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक मनोनीत राज्यसभा सदस्य की सेवानिवृत्ति के बाद खाली हुई सीट पर हरिवंश को नॉमिनेट किया है, बता दें राज्यसभा की ये सीट पूर्व सीजेआई रंजन गोगोई की सेवानिवृत्ति के बाद खाली हुई है।
तीसरी बार बने राज्यसभा सदस्य
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति के द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किये जाने के साथ ही हरिवंश का ये तीसरा कार्यकाल होगा, अप्रैल 2014 में जनता दल यूनाईटेड ( जदयू ) ने बिहार से पहली बार उन्हें राज्यसभा में भेजा था। उसके बाद 2020 में उन्हें फिर बिहार से जेडीयू ने राज्यसभा भेजा लेकिन इस बार उनकी सीट पर नीतीश कुमार का चयन हो गया मगर राष्ट्रपति ने उन्हें मनोनीत कर फिर राज्यसभा सदस्य बना दिया
2032 तक रहेगा कार्यकाल
हरिवंश 9 अगस्त 2018 को राज्यसभा के उप सभापति पद के लिए पहली बार निर्वाचित हुए थे। इससे बाद वे 14 सितंबर 2020 को दूसरी बार राज्यसभा के उप सभापति निर्वाचित हुए। वे नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते है अब उनका नया कार्यकाल शुरू हो गया है जो 2032 तक रहेगा।







