महाराष्ट्र की राजनीति में फिर पकने लगी खिचड़ी? आदित्य ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात से चर्चा गरम

दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बातचीत होने की खबर है। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मुलाकात से इनकार किया है।
महाराष्ट्र की राजनीति में फिर पकने लगी खिचड़ी? आदित्य ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात से चर्चा गरम

महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच मुलाकात हुई। शनिवार शाम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित सोफिटेल होटल में यह मीटिंग आयोजित की गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आदित्य शाम 6 बजे के आसपास होटल पहुंचे और कुछ ही देर बाद फडणवीस भी वहां पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बातचीत होने की खबर है। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मुलाकात से इनकार किया है। सीएमओ के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों नेता अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए वहां थे और उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई।

इस मुलाकात की खबर ने बीजेपी और शिवसेना (यूबीटी) के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों को हवा दी है। यह मुलाकात कुछ दिन पहले विधान परिषद के अध्यक्ष राम शिंदे के कार्यालय में उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की फडणवीस के साथ हुई मुलाकात के बाद हुई है। शिवसेना (यूबीटी) और बीजेपी के कई नेताओं ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि यह मुलाकात संयोग नहीं हो सकती। दोनों दलों के बीच पहले भी गठबंधन रहा है और हाल के घटनाक्रम ने एक बार फिर से उनके करीब आने की संभावनाओं को जन्म दिया है।

महायुति गठबंधन के नेता क्या बोले

विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नेताओं ने इस मुलाकात पर प्रतिक्रियाएं दी हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के नेता प्रशांत जगताप ने कहा कि बीजेपी और शिवसेना (यूबीटी) का एकीकरण आश्चर्यजनक नहीं होगा, क्योंकि 2019 के बाद से महाराष्ट्र में कई अप्रत्याशित राजनीतिक घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवसेना (यूबीटी) एमवीए के साथ बनी रहेगी अन्यथा यह मतदाताओं के साथ विश्वासघात होगा।

एमवीए का प्रदर्शन निराशाजनक

2024 के विधानसभा चुनाव में एमवीए का प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसमें गठबंधन ने केवल 46 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) 20 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी रही। दूसरी ओर, बीजेपी, एनसीपी (अजित पवार) और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के महायुति गठबंधन ने 288 में से 230 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की। हाल ही में विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे के विदाई समारोह में फडणवीस ने उद्धव ठाकरे के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत की और उन्हें सत्तारूढ़ पक्ष में शामिल होने का न्योता दिया, जिससे सियासी हलकों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews