MP Breaking News

SRCC में PM मोदी ने कांग्रेस शासन पर साधा निशाना, बोले – ‘2013 में देश में निराशा और हताशा का माहौल था’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में छात्रों को संबोधित किया। बता दें कि 2013 के अपने पुराने संबोधन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस शासन के दौर की स्थिति पर बात की।
SRCC में PM मोदी ने कांग्रेस शासन पर साधा निशाना, बोले - '2013 में देश में निराशा और हताशा का माहौल था'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में पहुंचे। दरअसल 2013 के बाद पहली बार उन्होंने SRCC में छात्रों को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने करीब 2013 के दौर का जिक्र करते हुए कांग्रेस शासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय देश निराशा के दलदल में धंसा हुआ था। विकास फर्श पर थी और महंगाई अर्श पर थी। उनके मुताबिक उस समय घोटाले चरम पर थे और भ्रष्टाचारी बेखौफ घूमते थे।

दरअसल पीएम मोदी ने कहा कि 2013 के आसपास देश की अर्थव्यवस्था की हालत खराब थी और चारों तरफ पॉलिसी पैरालिसिस की चर्चा होती थी। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत को फ्रेजाइल-5 में गिन रही थी। इसी दौरान आतंकी घटनाओं और पाकिस्तान का भी उन्होंने जिक्र किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में उस दौर की परिस्थितियों को याद करते हुए कहा कि तब देश में निराशा और हताशा का माहौल था।

PM Modi ने 2013 के SRCC भाषण को भी किया याद

प्रधानमंत्री मोदी ने SRCC में 2013 में दिए अपने भाषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के एक सदस्य भी थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने और तत्कालीन सरकार की आलोचना करने के बावजूद उन्होंने उस मंच का इस्तेमाल केवल आलोचना के लिए नहीं किया था। पीएम मोदी के मुताबिक उन्होंने उस समय भी विजन और सकारात्मक बातें रखी थीं।

इस दौरान पीएम मोदी ने अपने पुराने भाषण में दिए पानी के ग्लास के उदाहरण को भी याद किया। पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने तब आधे भरे पानी के ग्लास को देखने के तीन नजरियों की बात कही थी। एक नजरिए में ग्लास आधा भरा दिखता है दूसरे में आधा खाली और तीसरे में आधा पानी और आधी हवा से पूरा भरा हुआ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि उस समय भी जब देश निराशा के दौर में था, उन्होंने ग्लास को पूरा भरा हुआ देखा था। पीएम मोदी ने कहा कि 2013 में उन्होंने जो बातें कही थीं, वह उनका विश्वास था और वह उसी सोच के साथ आगे बढ़ते रहे। उन्होंने छात्रों के सामने अपने पुराने संबोधन और उस समय रखे गए विजन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उस वक्त भी सकारात्मक नजरिया रखने की बात कही थी।

PM मोदी ने छात्रों को बताई उस दौर की तस्वीर

दरअसल पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि अगर वे 2013 के आसपास की खबरें पढ़ेंगे तो उस समय की स्थिति को समझ सकते हैं। उन्होंने अपने भाषण में उस दौर की कई खबरों की हेडलाइन का जिक्र किया। इनमें एलओसी पर भारतीय सैनिकों की हत्या, वर्ल्ड बैंक द्वारा जीडीपी ग्रोथ रेट का अनुमान घटाना और करंट अकाउंट डेफिसिट के ऑल टाइम हाई होने जैसी खबरों का उल्लेख किया गया। उन्होंने हेलीकॉप्टर सौदे में घूसखोरी के पर्दाफाश, करीब 10 प्रतिशत महंगाई दर और इंडस्ट्रियल सेक्टर के मंदी की चपेट में आने वाली खबरों का भी जिक्र किया। इसके अलावा हैदराबाद में हुए बम ब्लास्ट की खबर को भी पीएम मोदी ने उस समय की प्रमुख हेडलाइन के तौर पर छात्रों के सामने रखा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
SRCC में PM मोदी ने कांग्रेस शासन पर साधा निशाना, बोले - '2013 में देश में निराशा और हताशा का माहौल था'