नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सफर करने वाले लाखों लोगों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी बचे हिस्सों का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद 82 किलोमीटर लंबा यह पूरा रूट जनता के लिए खुल जाएगा। इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के पूरी तरह से चालू होने से न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि इसके आसपास के इलाकों में रियल एस्टेस की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है।
रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के इस कॉरिडोर का 55 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है, जिस पर 11 स्टेशनों के बीच नमो भारत ट्रेनें चल रही हैं। अब 22 फरवरी को दो प्रमुख हिस्सों को खोला जाएगा— दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर का सेक्शन और मेरठ में मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का सेक्शन। इसके पूरा होते ही दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सीधी और तेज कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी।
रियल एस्टेट बाजार में आया बूम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण ने इसके आसपास के क्षेत्रों, विशेष रूप से गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और मेरठ में रियल एस्टेट की गतिविधियों को काफी बढ़ावा दिया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले दो सालों में स्टेशनों के 2 किलोमीटर के दायरे में जमीन की कीमतों में 30 से 67 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उदाहरण के लिए, मेरठ में जहां पहले जमीन के रेट 8,000 से 12,000 रुपये प्रति वर्ग गज थे, वहीं अब यह बढ़कर 12,000 से 20,000 रुपये प्रति वर्ग गज हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि कॉरिडोर के शुरू होने की उम्मीद में बड़े बिल्डर्स ने इस मांग को देखते हुए नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा भी शुरू कर दी है।
मेरठ मेट्रो को भी मिलेगी हरी झंडी
नमो भारत कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ मेट्रो को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मेरठ मेट्रो का पहला चरण 23 किलोमीटर लंबा है और इसमें कुल 13 स्टेशन होंगे। यह मेट्रो सेवा मेरठ शहर के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।
कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशन और फायदे
यह 82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर कई प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ता है। इस रूट पर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। इसके पूरी तरह से चालू हो जाने से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के अलावा फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के लाखों यात्रियों की यात्रा भी सुगम और आरामदायक हो जाएगी।





