Hindi News

लगातार सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने जा रहे PM नरेंद्र मोदी, आज NDA की बैठक में पास होगा अभिनंदन प्रस्ताव

Written by:Rishabh Namdev
Published:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 साल पूरे होने पर NDA की अहम बैठक दिल्ली में होने जा रही है। दरअसल इस बैठक में PM मोदी के सम्मान में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

दिल्ली में 10 जून को NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की बड़ी बैठक होने जा रही है। दरअसल इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बैठक में बीजेपी और NDA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 12 साल पूरे होने के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर उन्होंने अपना कार्यकाल जारी रखा। अब 10 जून 2026 को वह लगातार सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं।

क्या है BJP की तैयारी?

वहीं भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने को बड़े स्तर पर पेश कर रही है। पार्टी देशभर में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम चला रही है। दिल्ली में आयोजित बैठक में भी मोदी सरकार के कामकाज और विकास परियोजनाओं पर चर्चा होगी। जानकारी के मुताबिक, मोदी सरकार ने पिछले वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, रेलवे, एक्सप्रेसवे, रक्षा और गरीब कल्याण योजनाओं पर काम किया है। इसी क्रम में पार्टी ने दिल्ली स्थित मुख्यालय में प्रदर्शनी भी लगाई है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं।

झंडेवाला मंदिर में पूजा और अन्य कार्यक्रम

वहीं इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में झंडेवाला मंदिर में पूजा और आरती कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी संगठन इस मौके को राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से भी अहम मान रहा है। दरअसल जवाहरलाल नेहरू भारत के पहले प्रधानमंत्री थे। उन्होंने 1952 में पहला आम चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री पद संभाला था। 1947 से 1952 तक वह अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे थे। इसी वजह से लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की अलग गणना की जाती है।

नरेंद्र मोदी अब लगातार चुनाव जीतकर 12 साल तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने वाले नेता बन गए हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी का कुल कार्यकाल करीब 14 साल रहा था, लेकिन वह लगातार नहीं था। मोदी का मौजूदा कार्यकाल लगातार तीसरी बार की सरकार के रूप में जारी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews