नई दिल्ली: मध्य पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। इस संकट के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ईरान पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे एक संप्रभु राष्ट्र पर हमला बताते हुए कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या किसी भी कारण से स्वीकार्य नहीं है।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुनिया को और युद्धों की नहीं, बल्कि शांति की सख्त जरूरत है। इस बिगड़ते हालात को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी एक विशेष अपील की है।
‘आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देगी’
अपने बयान में प्रियंका गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रसिद्ध कथन को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह के फैसले ले रहे हैं, उन्हें बापू के शब्द याद रखने चाहिए।
“आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है। किसी संप्रभु राष्ट्र के नेतृत्व की लक्षित हत्या और निर्दोष लोगों की बड़ी संख्या में की गई हत्याएं, चाहे उसके पीछे कोई भी घोषित कारण बताया जाए, निंदनीय हैं और उनकी कड़ी आलोचना की जानी चाहिए।”- प्रियंका गांधी वाड्रा
उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि अब कई देश इस संघर्ष में खिंचते चले जा रहे हैं, जिससे वैश्विक शांति के लिए एक बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
पीएम मोदी से भारतीयों को सुरक्षित निकालने की मांग
प्रियंका गांधी ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों में फंसे हजारों भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि इजरायल के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति औपचारिक समर्थन जताने के बाद हमारे प्रधानमंत्री प्रभावित देशों में फंसे सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।”
गौरतलब है कि मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई देशों ने अपने एयरस्पेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिससे एयर इंडिया समेत दुनियाभर की एयरलाइंस को अपनी उड़ानें रद्द या रिशेड्यूल करनी पड़ी हैं। DGCA ने भी भारतीय विमानन कंपनियों को 11 देशों के हवाई क्षेत्र से बचने की सलाह दी है। इस वजह से हजारों यात्री, जिनमें भारतीय भी शामिल हैं, विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं।
The targetted assassination of the leadership of a sovereign nation by the so called leaders of the democratic world and the killing of multitudes of innocent people is despicable and deserves strong condemnation, no matter what the proclaimed reason for it is.
It is tragic that…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) March 1, 2026






