चंडीगढ़: पंजाब की सियासत में एक बार फिर ‘ऑपरेशन लोटस’ का जिन्न बाहर आ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर उनकी सरकार को अस्थिर करने और विधायकों को खरीदने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस बार आरोप सीधे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर लगा है। संगरूर से ‘आप’ विधायक नरिंदर कौर भराज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि सीएम सैनी ने उन्हें पार्टी बदलने के लिए बड़ा ऑफर दिया था।
आम आदमी पार्टी के पंजाब मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू के साथ मीडिया से बात करते हुए विधायक नरिंदर भराज ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, पिछले 4 सालों में बीजेपी ने कई बार पैसे और पद का लालच देकर उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश की है।
‘बंद कमरे में बैठक और संगरूर से उम्मीदवारी का ऑफर’
नरिंदर कौर भराज ने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “मुझे एक बंद कमरे में बैठक करने और बीजेपी में मेरे भविष्य पर चर्चा करने की पेशकश की गई थी।”
भराज के अनुसार, उन्हें यह ऑफर दिया गया कि अगर वह बीजेपी में शामिल होती हैं, तो उन्हें संगरूर से पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाएगा। इसके साथ ही उनकी तरफ से रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया गया।
“मैं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को बताना चाहती हूं कि मुझे आम आदमी पार्टी ने पहचान दी है। 27 साल की उम्र में एक किसान की बेटी को विधायक बनाया। हम अरविंद केजरीवाल की सोच से प्रभावित होकर राजनीति में आए हैं और हम आपकी इस राजनीति का शिकार नहीं बनेंगे।”- नरिंदर कौर भराज, विधायक, संगरूर
‘आप के विधायक बिकाऊ नहीं हैं’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद बलतेज पन्नू ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र भराज अकेली नहीं हैं, बल्कि पार्टी के कई अन्य विधायकों से भी इसी तरह संपर्क किया गया है। पन्नू ने कहा, “नायब सैनी पंजाब आकर हरियाणा मॉडल की बात करते हैं, लेकिन पंजाब में लोगों को हरियाणा से बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी पार्टी के विधायक आम घरों से आए युवा हैं, जो किसी लालच में नहीं आएंगे। आम आदमी पार्टी के विधायक बिकाऊ नहीं हैं। ये ‘फॉर सेल’ का पट्टा बीजेपी वाले किसी और राज्य में जाकर लगाएं।” पन्नू ने यह भी कहा कि नायब सैनी ने एक संवैधानिक पद पर बैठकर विधायकों को तोड़ने की कोशिश करके अपने पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। बीजेपी न तो दिल्ली में हमारे विधायक खरीद पाई और न ही पंजाब में खरीद पाएगी।





