राहुल गांधी के बयान को चुनाव आयोग ने बताया गैर जिम्मेदाराना, अफसरों को नजरंदाज करने के निर्देश, BJP का भी पलटवार

किरेन रिजिजू ने कह, विपक्षी दल के नेता भी आंतरिक रूप से राहुल गांधी का विरोध करने लगे हैं, कुछ लोग कहने लगे हैं कि राहुल खतरनाक खेल खेल रहे हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, इसका बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा।
Rahul Gandhi Election Commission

राहुल गांधी के वोट चोरी कराने के बयान पर भारत निर्वाचन आयोग का जवाब आया है, आयोग ने बयान को गैर जिम्मेदाराना और निराधार बताया है, आयोग ने अधिकारियों को ऐसे आरोपों को नजर अंदाज करने के निर्देश दिए हैं, उधर भाजपा नेताओं ने भी राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया है, भाजपा ने कहा यह लोकतंत्र को कमजोर करने की एक बड़ी साजिश है, एक खतरनाक खेल है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए वोट चोरी कराने के गंभीर आरोप लगाये हैं आज एक बार फिर फिर राहुल गांधी ने मीडिया के सामने कहा कि हमारे पास 100 प्रतिशत पक्के सबूत हैं कि इलेक्शन कमीशन वोट चोरी करवाता है और हम जल्दी इसका खुलासा करेंगे, हमारे पास एटम बम है जब फटेगा तो चुनाव आयोग हिन्दुस्तान में दिखाई नहीं देगा।

ECI ने राहुल के बयान को निराधार और गैर जिम्मेदाराना कहा 

राहुल के इस बयान के बाद चुनाव आयोग का रिएक्शन सामने आया है, भारत निर्वाचन आयोग का कहना है, “चुनाव आयोग प्रतिदिन लगाए जा रहे ऐसे निराधार आरोपों को नजरअंदाज करता है और प्रतिदिन दी जा रही धमकियों के बावजूद, सभी चुनाव अधिकारियों से ऐसे गैरजिम्मेदाराना बयानों को नजरअंदाज करने और निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से काम करने के लिए कहता है।”

ये लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है, एक खतरनाक खेल है: किरेन रिजिजू 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- “राहुल गांधी ने बार बार संवैधानिक संस्थाओं को धमकी दी है ये पहली बार नहीं है , 2014 में हम जीत कर आये तब हमारी सरकार तो नहीं थी, अलग अलग राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और उसके गठबंधन वाले दलों की सरकारें बनी तो वो कैसे जीते? यानि वो जीते तो ठीक और जब हार जाते है ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ते हैं,  ये लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है, केंद्रीय मंत्री ने कहा ये बचपना नहीं ये खतरनाक खेल है।”

अपने अंदर झांक कर देखें, जनता उन्हें वोट क्यों नहीं देती: रविशंकर प्रसाद 

पूर्व कानून मंत्री, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने  कहा, “राहुल गांधी की सारी नाराजगी इसलिए है कि उन्हें वोट नहीं मिलता, तो इसमें हम क्या करें? वे तीसरी बार देश हार गए महाराष्ट्र हार गए, हरियाणा हार गए, दिल्ली हार गए, अब वे बिहार भी हारेंगे, बंगाल भी हारेंगे तो इसमें हम क्या करें? जब वे जीते तो क्या चुनाव आयोग ठीक था?  राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को पहले अपने अंदर झांक कर देखना चाहिए कि जनता उन्हें वोट क्यों नहीं देती?

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews