कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं के आरोपों के बीच उनके साले और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा ने उनका समर्थन किया है। वाड्रा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति हैं। उन्होंने गुरुवार को पंचकुला के गुरुद्वारा नाडा साहिब में सेवा और लंगर में हिस्सा लेने के बाद यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास मतदाता सूची में गड़बड़ी के सबूत हैं और चुनाव आयोग सटीक जानकारी नहीं दे रहा। वाड्रा ने आरोप लगाया कि आयोग अवैध तरीके अपना रहा है और दबाव में काम कर रहा है।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, “चुनाव आयोग राहुल से शपथ पत्र मांग रहा है, लेकिन राहुल और प्रियंका ने संसद में पहले ही शपथ ली है। वे जनता के मुद्दे उठाते हैं। राष्ट्र जानता है और लोग इस मुद्दे पर राहुल गांधी का समर्थन कर रहे हैं। चुनाव आयोग पर भरोसा कम हो रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता को राहुल के प्रयासों को पहचानना चाहिए।
‘मैंने कुछ गलत नहीं किया‘
वाड्रा ने अपनी प्रवर्तन निदेशालय की जांच पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वह कई बार ईडी के सामने पेश हो चुके हैं और मामला 20 साल पुराना है। वाड्रा ने दावा किया, “मैंने कुछ गलत नहीं किया। अगर उनके पास मेरे खिलाफ सबूत हैं, तो वे सामने लाएं। मैं देश में हूं। मुझे इस मुद्दे पर सफाई देने की जरूरत नहीं, मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं है।”
एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
रॉबर्ट वाड्रा ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग की भी आलोचना की और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का उदाहरण दिया। वाड्रा ने कहा, “जब चन्नी पंजाब के मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया गया। लेकिन जब नई पार्टी की सरकार बनी तो सारे आरोप भुला दिए गए। इन एजेंसियों का दुरुपयोग गलत है।” हाल ही में राहुल गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं ने बिहार में मतदाता सूची संशोधन और कथित वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन किया था।






