भारत में एंट्री के लिए तैयार टेस्ला, मुंबई में ओपन होगा शोरूम, यहां जानें कीमत और खास बातें

एलन मस्क की कंपनी टेस्ला जुलाई में भारत में पहला शोरूम मुंबई में खोलने जा रही है। कंपनी चीन से Model Y SUV गाड़ियां भारत ला चुकी है। साथ ही मस्क की इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को भी देश में मंजूरी मिल गई है। अमेरिका में ट्रंप से खटपट के बीच भारत में मस्क की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है।
भारत में एंट्री के लिए तैयार टेस्ला, मुंबई में ओपन होगा शोरूम, यहां जानें कीमत और खास बातें

दुनिया की सबसे चर्चित इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla अब जल्द ही भारत में आधिकारिक तौर पर दस्तक देने जा रही है। जुलाई में मुंबई में पहला शोरूम खुलने जा रहा है, जहां टेस्ला की लोकप्रिय Model Y SUV प्रदर्शित होगी। एलन मस्क की इस बहुप्रतीक्षित एंट्री के साथ भारत में इलेक्ट्रिक कार बाजार में हलचल मच गई है। भारत में टेस्ला की शुरुआत ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका में मस्क की डोनाल्ड ट्रंप से टकराव की खबरें सुर्खियों में हैं। मस्क अब भारत को अपनी अगली बड़ी मार्केट के रूप में देख रहे हैं।

दरअसल टेस्ला जुलाई के मध्य तक मुंबई में अपना पहला शोरूम खोलने जा रही है। इसके बाद नई दिल्ली और अन्य मेट्रो शहरों में शोरूम खोलने की योजना है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टेस्ला ने अमेरिका, चीन और नीदरलैंड से कार एक्सेसरीज, सुपरचार्जर के पार्ट्स और अन्य जरूरी उपकरण मंगवाए हैं।

इस कार की कितनी है कीमत?

बता दें कि भारत में टेस्ला की एंट्री कई वर्षों से रुकी हुई थी, जिसका कारण आयात शुल्क और स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग को लेकर मतभेद थे। लेकिन फरवरी 2025 में एलन मस्क की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद टेस्ला के भारत आने का रास्ता साफ हुआ। मुंबई पोर्ट पर कंपनी की पांच Model Y कारें पहुंच चुकी हैं। इस मॉडल को फिलहाल चीन के शंघाई प्लांट से आयात किया जा रहा है। भारत में पहुंची टेस्ला Model Y की शुरुआती कीमत दस्तावेज़ों के अनुसार 27.7 लाख रुपये है, लेकिन इस पर 21 लाख रुपये से अधिक का आयात शुल्क लगता है। आयात टैक्स और अन्य चार्जेज़ को मिलाकर इस मॉडल की कीमत 56,000 डॉलर (लगभग 47 लाख रुपये) से अधिक हो सकती है।

एलन मस्क की इंटरनेट सेवा भी तैयार

वहीं भारत में ऐसी गाड़ियों पर 70% तक का इम्पोर्ट ड्यूटी लगता है, जो कुल कीमत को दोगुना कर देता है। अमेरिका में इसी मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 44,990 डॉलर है और टैक्स क्रेडिट के बाद यह 37,490 डॉलर में मिलती है। भारत में कंपनी की प्राइसिंग रणनीति क्या होगी, यह जल्द स्पष्ट हो जाएगा। वहीं टेस्ला के साथ-साथ एलन मस्क की कंपनी SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink भी जल्द भारत में शुरू होने वाली है। हाल ही में दूरसंचार विभाग (DoT) ने स्टारलिंक को GMPCS लाइसेंस दे दिया है। यह अनुमति भारत में सैटेलाइट के जरिए हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा देने की मंजूरी है।

दरअसल स्टारलिंक भारत की तीसरी ऐसी कंपनी बनी है जिसे यह लाइसेंस मिला है, OneWeb और Jio Satellite Communications इसके पहले से सक्रिय हैं। Starlink की सेवाएं 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत में शुरू हो सकती हैं। हालांकि, कंपनी को अंतिम स्वीकृति अभी IN-SPACe से मिलना बाकी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews