अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। जुहू इलाके में रविवार शाम हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। क्राइम ब्रांच अब मामले की जांच अपने स्तर पर आगे बढ़ाएगी।

हमलावरों की पहचान करने के साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जाएगी कि वारदात के पीछे कौन था और क्या इसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है। पुलिस ने अब तक तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

क्या है मामला

18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ जुहू के पुष्पा नरसी पार्क में फुटबॉल खेलने के बाद अपनी कार से निकल रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। घटना में टाइगर श्रॉफ को मामलू चोट आई है जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। पुलिस ने ड्राइवर का बयान दर्ज किया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और धमकी भरा संदेश सामने आया जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हमलावर फायरिंग के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए। जांच के दौरान अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के बाहर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली है जिसका इस्तेमाल वारदात में किए जाने की आशंका है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए हमलावरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी मोटरसाइकिल छोड़ने के बाद ट्रेन से कहीं गए या किसी दूसरे रास्ते से फरार हुए।

क्राइम ब्रांच को सौंपी जांच 

अब मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। इससे पहले मुंबई पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 15 टीमें बनाई थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मामले की तेजी से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। क्राइम ब्रांच अब सीसीटीवी फुटेज, मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाएगी।