
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से मंगलवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित यादव के सरकारी आवास में एक विशालकाय अजगर घुस आया। करीब 9 फीट लंबा और 90 किलोग्राम वजनी इस अजगर को देखकर एसपी परिवार और पुलिसकर्मी घबरा गए। तुरंत स्थानीय स्नेक कैचर जतिंद्र कुमार को सूचना दी गई, जो अपनी बेटी के साथ मौके पर पहुंचे और 30 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया।
SP आवास में घुसा अजगर
घटना के वक्त एसपी अमित यादव और उनके परिवार के सदस्य आवास में मौजूद थे। जैसे ही अजगर को परिसर में देखा गया, तुरंत सतर्कता बरती गई और विशेषज्ञ की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ। जतिंद्र कुमार ने बताया कि अजगर का आकार और वजन काफी अधिक था, इसलिए काफी सावधानी से काम करना पड़ा। रेस्क्यू के बाद पूरे परिसर में राहत का माहौल था।
बनखंडी के जंगल में छोड़ा जाएगा अजगर
जतिंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें रात में एसपी के पीएसओ का फोन आया था, जिसके बाद वे अपनी बेटी के साथ मौके पर पहुंचे। अजगर को फिलहाल उनके घर में सुरक्षित रखा गया है और जल्द ही उसे बनखंडी के जंगल में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इतनी रात को रेस्क्यू करना आसान नहीं था, लेकिन अनुभव और सावधानी से यह संभव हुआ।
जतिंद्र कुमार एक अनुभवी स्नेक कैचर हैं और मार्च से अब तक वे 300 से ज्यादा सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ चुके हैं। इस काम में उनकी बेटी भी बराबरी से साथ देती है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ सांपों को बचाना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाना भी है ताकि सांपों को लेकर फैले डर और अंधविश्वास को खत्म किया जा सके।
