VIP Goat Case : BJP नेता का वीआईपी बकरा चोरी, 120 किलो के शेरु को ढूंढने के लिए एसपी ने बनाई स्पेशल टीम

Goat

सांकेतिक तस्वीर

VIP Goat Case : शेरु चोरी हो गया है। शेरु के चोरी हो जाने से पूरा पुलिस महकमा हलकान है। जांच के लिए एसपी साहब ने एक स्पेशल टीम गठित कर दी है और घरवाले शेरु के गुम हो जाने से ग़मज़दा हैं। अब आप सोचेंगे कि जरुर ये कोई भारी भरकम शख्स होगा…तो आपका अंदाज़ा एकदम सही है। शेरु वाक़ई में 120 किलो का है..और क्या फर्क पड़ता है अगर वो एक बकरा है।

बीजेपी नेता का वीआईपी बकरा चोरी

हाल ही में एक फिल्म आई थी ‘कटहल’। उसमें एक राजनेता के पेड़ से कटहल गायब होने के बाद उसकी खोजबीन को लेकर बहुत बढ़िया व्यंग्य कसा गया था। लेकिन फिल्में भी तो समाज की स्थितियों को ही प्रतिबिंबित करती हैं। ऐसा ही एक मामला अब सामने आया है छत्तीसगढ़ के सरगुजा से। यहां रघुनाथपुरा में रहने वाले BJP नेता सुरेश गुप्ता का पालतू बकरा चोरी हो गया है। शेरु इस घर का काफी लाड़ला था और उसे खूब खिलाया पिलाया जाता था। यही कारण है कि उसका वजन 120 किलो हो गया था। उसे खरीदने की कई पेशकश भी आ चुकी थी लेकिन घरवालों ने ये कहकर इनकार कर दिया कि वो उनके परिवार के सदस्य की तरह है। पिछले छह साल से वो इस परिवार में बड़े ही लाड़ प्यार से पल रहा था।

जांच के लिए पुलिस की स्पेशल टीम गठित

इस वीआईपी बकरे को अब कोई चुरा ले गया है। चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिससे पता चला कि चोर एक बड़ी कार से आए और उसमें बकरे को लेकर रफूचक्कर हो गए। अब शेरु के चोरी हो जाने के बाद से घरवाले काफी मायूस हैं और बीजेपी नेता के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मिलकर शेरु को जल्द से जल्द ढूंढने के लिए ज्ञापर भी सौंपा। इसके बाद एसपी ने बकरे को जल्द ढूंढने के लिए एक स्पेशल टीम भी गठित कर दी है। अब देखना होगा कि इस ‘बकरा खोज अभियान’ में कब और क्या नतीजा निकलता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews