
Best Tourist Destinations in Ranikhet : उत्तराखंड का रानीखेत हिल स्टेशन बेहद सुंदर पर्यटन स्थल है। यह स्थान देश और विदेश से बहुत सारे टूरिस्टों को आकर्षित करता है, जो इस हिल स्टेशन की सैर करने के लिए यहां आते हैं। इस स्थान को घेरे हुए घने जंगल, चीड़, देवदार के पेड़, झरने, नदियां और घाटियाँ यहां के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। यहां पर्यटक न केवल घूमने का आनंद ले सकते हैं बल्कि ट्रैकिंग, कैंपिंग और एडवेंचर एक्टिविटीज़ का आनंद भी उठा सकते हैं। रानीखेत में कुछ मुख्य आकर्षक स्थल हैं, जिन्हें आप घूमने के दौरान देख सकते हैं। आइए जानें विस्तार से…

झूलादेवी मंदिर
झूलादेवी मंदिर रानीखेत से 7 किलोमीटर दूर स्थित है और यह एक प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर है। यह मंदिर मां झूलादेवी को समर्पित है और यहां बहुत सारे श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं को पूरा करने और मां का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आते हैं। मंदिर का पर्यावरण शांतिपूर्ण है और यहां आप चैतन्य और आध्यात्मिक माहौल का आनंद ले सकते हैं।
बिनसर मंदिर
रानीखेत से सिर्फ 19 किलोमीटर की दूरी पर बिनसर महादेव मंदिर स्थित है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांति आपको अद्वितीय आध्यात्मिक सुख प्रदान करेंगे। मंदिर चीड़ के घने वृक्षों के बीच स्थापित है और इसे एक प्राचीन शिव मंदिर के रूप में पहचाना जाता है। यहां हर साल देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु भक्तगण भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने आते हैं। यहां आपको आध्यात्मिकता के अलावा प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद मिलेगा।
चिलियानौला
रानीखेत से चिलियानौला सिर्फ 4 किलोमीटर दूर है, जहां आपको हेड़ाखान बाबा का भव्य मंदिर देखने मिलेगा। यहां आप मंदिर में सभी देवी-देवताओं की कलात्मक मूर्तियों का दर्शन कर सकते हैं। यह स्थान आपको आधुनिकता के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभव भी प्रदान करेगा।
ताड़ीखेत
वहीं, ताड़ीखेत भी यहां की बहुत ही खूबसूरत जगह है। यह गांधी कुटी और प्रेम विद्यालय के कारण प्रसिद्ध है। यहां की प्राकृतिक सौंदर्य आपको मंत्रमुग्ध कर देगी।
गोल्फ कोर्स और हेड़ाखान मंदिर
रानीखेत में टूरिस्ट गोल्फ कोर्स मुख्य बाजार से करीब 5 किलोमीटर दूर है। यहां आप गोल्फ के खेल का आनंद ले सकते हैं। वहीं, यदि आप रानीखेत में हैड़ाखान मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं तो आप वहां भी जा सकते हैं। बता दें कि यह मंदिर कुमाऊं के प्रसिद्ध संत बाबा हेड़ाखान द्वारा स्थापित किया गया है जो कि भगवान शिव को समर्पित है। हेड़ाखान बाबा ने यहां वर्षों तक तपस्या की थी और विदेशों से उनके भक्त इस मंदिर के दर्शन करने के लिए आते हैं।
चौबटिया गार्डन
रानीखेत में चौबटिया गार्डन चारों ओर सेब के बागान के रूप में प्रसिद्ध है, जहां आप ट्रैकिंग का आनंद ले सकते हैं। यहां आप सेब, खुबानी, बेर और आड़ू की खेती को भी देख सकते हैं। चौबटिया गार्डन रानीखेत के मुख्य बाजार से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
रानी झील
यहां आप रानी झील की सैर कर सकते हैं जो कि मानवनिर्मित झील है। यहां आप बोटिंग का भी आनंद ले सकते हैं।
कुमाऊं रेजिमेंट
कुमाऊं रेजिमेंट एक महत्वपूर्ण सेना कार्यालय है और इसका संग्रहालय भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास को दर्शाता है। यहां पर आपको भारतीय सेना के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। यहां एक प्राकृतिक झील भी है, जहां आप मछली पकड़ सकते हैं।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

