पश्चिम बंगाल चुनाव : मतदाताओं से बोले अमित शाह, BJP की सरकार बना दो, एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे

अमित शाह ने कहा ममता दीदी आपका समय अब समाप्त हो रहा है। मैं माताओं-बहनों को भरोसा दिलाकर जाता हूं, 4 मई के बाद यहां पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने वाली है। 4 मई के बाद रात को 1 बजे भी छोटी बच्ची स्कूटी पर जाए, तो किसी भी गुंडे की आंख उठाने की हिम्मत नहीं होगी ।
West Bengal Elections Amit Shah

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव का प्रचार थमने वाला है, पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा, प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा अपनी पूरी ताकत झोंक रही है, गृह मंत्री अमित शाह आज फिर बंगाल दौरे पर पहुंचे, उन्होंने सालबोनी में एक चुनावी सभा को संबोधित किया और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर निशाना साधा।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा पश्चिमी मेदिनीपुर के महान बेटे खुदीराम बोस सबसे कम आयु के शहीद हैं, लेकिन बंगाल सरकार अपनी किताबों में उन्हें आतंकवादी बताती है। उन्होंने जनता से पूछा खुदीराम बोस जैसे महान आजादी के सिपाही को आतंकवादी बताने वाली सरकार को चलानी चाहिए क्या, नहीं ना इसलिए टीएमसी सरकार को बदलना बहुत जरूरी है।

गृह मंत्री ने कहा ये चुनाव किसी को विधायक या भाजपा के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाने का नहीं, बल्कि ये चुनाव पूरे बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त बनाने का चुनाव है। ममता दीदी घुसपैठियों को बचाना चाहती है। लेकिन, मैं आपसे कहकर जाता हूं कि 23 तारीख को कमल का बटन दबा दो, 5 मई को भाजपा सरकार बना दो, बंगाल में से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम भाजपा सरकार करेगी।

अमित शाह ने कहा सालबोनी की नदियों में से बालू चुरा लिया जाता है, आप भाजपा की सरकार बना दो, एक कंकड़ भी चुराने नहीं देंगे। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा ममता दीदी के शासन में बंगाल में माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में ममता के घुसपैठिए गुंडों ने संदेशखाली में सालों तक हमारी बहनों का शोषण किया है। मैं आज बताता हूं- संदेशखाली हो, आरजीकर हो, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज हो, साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज हो, हर महिला पर हुए अत्याचार के एक एक आरोपी को चुन-चुन कर सलाखों के पीछे डालने का काम करेंगे।

अमित शाह ने जनता से किये ये वादे 

उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए वादा किया कि हम सारे सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग समय पर देंगे और 45 दिन के अंदर डीए देने का काम भी भाजपा की सरकार करेगी। हर युवा को उद्योग लगाने के लिए 10 लाख का लोन देने का काम भाजपा करेगी। 5 साल का 5 लाख रुपए तक का सारा इलाज का खर्चा भाजपा उठाएगी। विधवाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 2 हजार रुपए भाजपा की सरकार देने का काम करेगी।

गृह मंत्री ने बड़ा हमला करते हुए कहा कि अयोध्या में जहां बाबरी मस्जिद थी, वहीं हमने राम मंदिर बनाकर जय श्रीराम कर दिया और ममता दीदी अपने चेले हुमायूं कबीर से बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती है। ममता दीदी कान खोलकर सुन लो, बंगाल में बाबरी मस्जिद हम कभी नहीं बनने देंगे।

अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, बंगाली होगा 

अमित शाह ने कहा अभी अभी मोदी जी ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए बिल लेकर आए थे, लेकिन इस बिल को गिराने का काम ममता दीदी ने किया है। इनको सिर्फ घुसपैठिए ही दिखाई देते हैं। ये सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं। लेकिन आज मैं कहकर जाता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, बंगाल में जन्मा होगा और बंगाली बोलने वाला होगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews