
CBN Neemuch seized illegal poppy husk.
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,146.460 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। टीम ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त राजस्थान नंबर का एक टाटा ट्रक जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक CBN को पुख्ता इनपुट मिला था कि बेगूं क्षेत्र से कटुन्दा मोड़ के रास्ते मारवाड़ की ओर ट्रक के जरिए डोडाचूरा की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना पर उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय की विशेष टीम गठित कर 20 अगस्त के तड़के नीमच से संदिग्ध रूट पर रवाना की गई।
घेराबंदी कर पकड़ा वाहन
रात के घने अंधेरे और पायलट वाहनों के खतरे के बीच टीम ने रायता से कटुन्दा मोड़ की तरफ जा रहे संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। चालक की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी के रूप में हुई।
तस्करी नेटवर्क खंगाल रही CBN
अधिकारियों ने बताया कि ट्रक से लकड़ी के पट्टे और काला तिरपाल हटाने पर 57 प्लास्टिक कट्टों में भरा 1,146.460 किलो डोडाचूरा मिला। NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य सरगनाओं का पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ जारी है।

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

