MP Breaking News

जावद में ‘चड्डी गैंग’ की दहशत: थाने के सामने से बेखौफ गुजरे 5 नकाबपोश बदमाश, सूने मकान से नकदी-जेवर पार

पुलिस थाने के पास से एक सूने मकान में घुसकर एक गिरोह द्वारा चोरी कर लेना पुलिस की अक्र्य्शैली पर सवाल खड़े कर रही है, घटना के बाद से लोगों में भय और गुस्सा है।
Theft in Neemuch

Theft in Neemuch

नीमच के जावद कस्बे में बेखौफ बदमाशों की सक्रियता ने पुलिस गश्त और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच नीमच रोड इलाके में कुख्यात ‘चड्डी गैंग’ शैली के 5 नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। हैरानी की बात यह है कि यह गिरोह जावद पुलिस थाने के ठीक सामने से बेखौफ होकर गुजरा और इलाके में एक सूने मकान को निशाना बनाकर सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, नीमच रोड स्थित ‘मुच्छाल जी की मल्टी’ में विद्युत विभाग (MPSEB) में पदस्थ शशिकांत मीणा का मकान सूना था। तड़के मुंह पर कपड़ा बांधे और अंडरगार्मेंट्स/शॉर्ट्स पहने 5 संदिग्ध बदमाश मल्टी परिसर में घुसे। उन्होंने सूने मकान का ताला चटकाकर भीतर रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।

पड़ोसियों के घरों की बाहर से लगाई कुंडी

वारदात के दौरान कोई पड़ोसी बाहर न आ सके और शोर सुनकर विरोध न कर सके, इसके लिए बदमाशों ने शातिराना तरीका अपनाया। चोरों ने आसपास के सभी मकानों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी (सांकल) लगा दी, ताकि अंदर सो रहे लोग बाहर न निकल सकें और उन्हें पकड़ने का कोई प्रयास न हो सके।

3-4 बाइकों के लॉक तोड़े, वायरिंग काटकर ले जाने की कोशिश नाकाम

सूने मकान में चोरी करने के बाद बदमाशों ने मल्टी परिसर और सड़क किनारे खड़ी 3 से 4 मोटरसाइकिलों को चुराने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बदमाश दोपहिया वाहनों के लॉक तोड़कर उनकी वायरिंग काटकर डायरेक्ट स्टार्ट करने की कोशिश करते रहे। हालांकि, वाहन स्टार्ट न होने या किसी आहट के चलते वे बाइक ले जाने में नाकाम रहे और मौके से पैदल ही फरार हो गए। इसके अलावा आसपास के अन्य मकानों में भी घुसपैठ का प्रयास किया गया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई करतूत, पुलिस तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय नागरिकों ने जब अपने सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो नकाबपोश बदमाशों का पूरा मूवमेंट सामने आ गया। फुटेज में सभी पांचों बदमाश बेखौफ अंदाज में सड़कों और गलियों में घूमते नजर आ रहे हैं। जावद  थाना प्रभारी मनोज जादौन का कहना है सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नकाबपोश युवक नजर आए हैं। एक सूने मकान में चोरी की घटना सामने आई है। फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और आने-जाने के रास्तों की तकनीकी जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं, जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इलाके में दहशत, रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

कस्बे के मुख्य मार्ग और थाने के नजदीकी इलाके में इस तरह संगठित गिरोह द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व भय का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर पुलिस की प्रभावी रात्रि गश्त न होने के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि पेट्रोलिंग कड़ी करने और जल्द से जल्द बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।

कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट 

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda
Follow Us :GoogleNews
जावद में 'चड्डी गैंग' की दहशत: थाने के सामने से बेखौफ गुजरे 5 नकाबपोश बदमाश, सूने मकान से नकदी-जेवर पार