MP Breaking News

नीमच के गिरदौड़ा में अवैध रेत भंडारण पर एक्शन, वायरल वीडियो के बाद चला खनिज विभाग का डंडा

खनिज विभाग की अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रेत कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन और भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Action against illegal sand storage in Neemuch

Action against illegal sand storage in Neemuch

नीमच जिले के ग्राम गिरदौड़ा में मुख्य मार्ग किनारे बेखौफ चल रहे अवैध रेत के काले कारोबार पर आखिरकार प्रशासन का चाबुक चल ही गया। सुबह सोशल मीडिया पर अवैध रेत के बड़े बड़े ढेरों का वीडियो वायरल होने और जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल उठने के बाद खनिज विभाग हरकत में आया। शाम ढलते ही जिला खनिज अधिकारी जगन भिड़े दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेत के अवैध स्टॉक पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी।

ग्राम गिरदौड़ा में दुकानों और मुख्य सड़क के पास नियमों को ताक पर रखकर रेत के पहाड़ खड़े कर दिए गए थे। बिना किसी रॉयल्टी, अनुमति और सुरक्षा मानकों के डंप की गई इस रेत का वीडियो जैसे ही सुबह सामने आया, पूरे जिले के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। दिनभर विभाग की कार्यशैली और मिलीभगत को लेकर चर्चाएं गर्म रहीं, जिसके बाद जिला खनिज अधिकारी जगन भिड़े ने मामले को संज्ञान में लेते हुए त्वरित फील्ड एक्शन की कमान संभाली।

रेत माफियाओं में मचा हड़कंप

खनिज विभाग की अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रेत कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे अमले ने अवैध रूप से डंप रेत की नापजोख कर जब्ती और पंचनामे की प्रक्रिया को अंजाम दिया।

अधिकारियों को दो टूक- अवैध खनन और भंडारण बर्दाश्त नहीं

अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन और भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम विरुद्ध रेत डंप करने वालों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा रहा है। सुबह तक जो माफिया बेखौफ होकर मुख्य सड़क पर रेत का अंबार लगाए बैठे थे, शाम होते-होते विभाग की सख्त दबिश ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट  

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda
Follow Us :GoogleNews
नीमच के गिरदौड़ा में अवैध रेत भंडारण पर एक्शन, वायरल वीडियो के बाद चला खनिज विभाग का डंडा