नीमच जिला प्रशासन की पहल, जनता को अफवाहों से बचाने करा रहा मुनादी, “पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, पैनिक न हों”

अक्सर ऐसी भ्रामक खबरों के चलते लोग पैनिक होकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगा लेते हैं, जिससे बेवजह अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। इसी स्थिति से बचने और जनता को आश्वस्त करने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
Neemuch Petrol Diesel Announcement

Neemuch Petrol Diesel Announcement

नीमच जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर उड़ रही अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए नीमच जिला प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। आम जनता के बीच किसी भी तरह का डर (पैनिक) ना फैले, इसके लिए प्रशासन द्वारा शहर में एक अनोखा और सीधा तरीका अपनाया गया है। प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में लाउडस्पीकर लगे टेम्पो (ऑटो-रिक्शा) घुमाकर मुनादी (अनाउंसमेंट) करवाई जा रही है।

दरअसल, कल मंगलवार शाम अचानक जिले में अफवाह फैली कि पेट्रोल डीजल की कमी हो रही है , सूचनाओं ने जैसे ही पैर पसारे जिले के पेट्रोल पंपों पर लम्बी लम्बी लाइनें लगने लगीं, लोग वाहनों के अलावा टंकियां, बोतल लेकर पहुँचने लगे हालाँकि कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम सड़क पर उतरे और उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया।

जिला प्रशासन ने की ये पहल 

जिला प्रशासन ने ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए लोगों को अफवाह के प्रति सावधान रखने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, इसके लिए जिला प्रशासन न   लाउडस्पीकर लगे टेम्पो (ऑटो-रिक्शा) घुमाकर मुनादी (अनाउंसमेंट) शुरू करवा दी है ।

अनाउंसमेंट में क्या कहा जा रहा है?

टेम्पो के जरिए प्रशासन द्वारा लगातार यह संदेश प्रसारित किया जा रहा है:
“सूचित किया जाता है कि नीमच जिले में पेट्रोल-डीजल की पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त उपलब्धता है। जिले में पेट्रोल-डीजल की निरंतर आपूर्ति हो रही है व पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अतः किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें।”

प्रशासन की आम जनता से अपील

नीमच जिला प्रशासन ने शहरवासियों से स्पष्ट अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू है। आमजन अपनी रोजमर्रा की जरूरत के हिसाब से पेट्रोल-डीजल भरवा सकते हैं, पैनिक होकर पंपों पर अनावश्यक भीड़ लगाने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews