नीमच कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान बुजुर्ग ने की आत्मदाह की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया, जानें पूरा मामला

नीमच कलेक्ट्रेट में साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को बचाया।
Neemuch News

मध्य प्रदेश के नीमच जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित होती है जहां जिले के आम नागरिक अपनी समस्याओं को जिला प्रशासन के सामने रखते हैं। प्रशासनिक अधिकारी उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान करते हैं। लेकिन इस मंगलवार को एक ऐसा मामला देखने को मिला जिसके बाद परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। एक फरियादी ने प्रशासन के सामने ही आत्मदाह करने की कोशिश की।

बता दें कि साप्ताहिक जनसुनवाई में एक बुजुर्ग अपनी समस्या को लेकर पहुंचा। उसने कलेक्ट्रेट परिसर में अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। इस घटना ने पूरे परिसर में मौजूद अधिकारियों और आम जनता के होश उड़ा दिए। गनीमत रही कि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस जवानों ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए उसे माचिस जलाने से पहले ही काबू में कर लिया, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा टल गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी अनुसार, जिले के कंजार्डा क्षेत्र का रहने वाला एक बुजुर्ग पीड़ित अपनी निजी भूमि पर हो रहे कथित अवैध कब्जे और निर्माण कार्य को लेकर लंबे समय से परेशान था। पीड़ित का आरोप है कि उसने जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण और कब्जे को रुकवाने के लिए तहसील, एसडीएम कार्यालय से लेकर जिला प्रशासन के आला अधिकारियों तक दर्जनों बार लिखित शिकायतें और आवेदन दिए।

बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न तो अवैध निर्माण रोका गया और न ही विपक्षी पक्षों पर कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई की गई। जब भी उसने अवैध कब्जे का विरोध किया, उसे विपक्षी तत्वों द्वारा खुलेआम गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इसके बाद सब पानी सिर से ऊपर चला गया तो मंगलवार को जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पीड़ित कलेक्ट्रेट पहुंचा। बुजुर्ग ने अपने गले में जमीन से संबंधित पूरे कागजात भी लटका रखे थे। जहां उसने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को बताया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय से बाहर आए और बुजुर्ग की समस्याओं को विस्तार से सुना।

अधिकारियों को दिए गए जांच के निर्देश

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पीड़ित को हिरासत में लेकर शांत कराया और उससे विस्तृत जानकारी ली। मौके पर मौजूद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और विवादित भूमि पर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews