नीमच में मेडिकल छात्र से मारपीट का मामला, मंडी इंस्पेक्टर समेत दो लोगों पर गंभीर आरोप, छात्रों ने कैंट थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

नीमच में मेडिकल कॉलेज के MBBS द्वितीय वर्ष के छात्र ने मंडी इंस्पेक्टर नीलेश चौहान समेत दो लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। मेडिकल छात्रों ने कैंट थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Neemuch News

नीमच: मध्यप्रदेश के नीमच शहर में सरकारी मेडिकल कॉलेज के MBBS द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना से नाराज बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र शनिवार शाम कैंट थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत दी है।

मामले में मेडिकल कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र हर्ष गुप्ता ने मंडी इंस्पेक्टर नीलेश चौहान समेत दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, दूसरी ओर मंडी इंस्पेक्टर नीलेश चौहान ने भी थाने पहुंचकर छात्र पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत रात में बाइक और कार की टक्कर के बाद हुई। छात्र हर्ष गुप्ता के आरोप के अनुसार, जब वह शुक्रवार को होटल से खाना कर वापस लौट रहा था, इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार से उसकी बाइक को ​टक्कर मार दी। विरोध किया तो कार सवार ने उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। छात्र ने दावा किया है कि उसे जान से मारने और कार से कुचलने की धमकी भी दी गई। इसके बाद अगले दिन मामला और गंभीर हो गया।

छात्र ने कैंट थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

हर्ष गुप्ता के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के गेट के पास दो अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। छात्र ने आरोप लगाया कि इस दौरान उस पर कुल्हाड़ी से हमला भी किया गया, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद छात्र कैंट थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

छात्रों ने मामले में निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

बता दें कि इस मामले मंडी इंस्पेक्टर का नाम सामने आने और मेडिकल कॉलेज के छात्र पर कॉलेज गेट के पास कथित कुल्हाड़ी हमले के आरोपों के बाद दूसरे छात्र भी सामने आए हैं। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर उचित कार्रवाई और मेडिकल कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ​हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
Kamlesh Sarda

30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews