नीमच में मंगलवार को आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राज्य स्तर पर संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग नीमच के नीमच पूर्व के ग्राम किशनपुरिया, चढ़ोली, सेदरिया, मानपुरा और जैतपुरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान जंगल, झाड़ियों तथा नदी-नालों एवं तालाबों के किनारे संचालित 4 चालू भट्ठियां, 675 किलोग्राम महुआ लाहन और 23 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कुल कीमत 73, 250 रुपये बताई जा रही है।

जमीन में छिपाकर रखा गया था महुआ लाहन

अवैध मदिरा निर्माण के संदिग्ध स्थलों पर की गई कार्रवाई के दौरान आबकारी दल ने पाया कि महुआ लाहन को जमीन में छिपाकर रखा गया था। मौके से अवैध आसवन में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त किया गया है। साथ महुआ लाहन को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की गई।

दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

इस मामले को लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारीबी.एल. दांगी के निर्देशन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।  वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार कवारे, दीपक आंजना और आबकारी आरक्षक विष्णु यादव, विलास डगिया,  बलवंत भाटी, निशा राजपूत और मधुमिता ने भी अहम भूमिका निभाई।

जिला आबकारी अधिकारी दांगी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी पूरे जिले में जारी रहेगी।

नीमच से कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट