नीमच पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रग सिंडिकेट का भंडाभोड़, 2 गिरफ्तार, लाखों का मादक पदार्थ और हथियार जब्त

मुख्यमंत्री मोहन यादव के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई की गई है। 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 9 लोगों के ड्रग सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। राजस्थान से तस्कर भी शामिल हैं।
Neemuch Police Action

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत नीमच पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर बड़ी (Neemuch Police Action) कार्रवाई की है। बघाना थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और अवैध हथियारों की तस्करी करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस अहम कार्रवाई में पुलिस ने 9 लोगों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जिसमें 7 अन्य तस्करों को सह-आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में बघाना थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि बघाना के दो युवक बाइक पर एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा लेकर धनेरिया की ओर से छोटीसादड़ी रोड की तरफ आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल धनेरिया कलां-आरनिया फंटा पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताई गई बाइक आती दिखी, जिसे रोककर सघन तलाशी ली गई।

लाखों का मादक पदार्थ और हथियार जब्त किया गया 

तलाशी के दौरान पुलिस ने लाखों का मादक पदार्थ जब्त किया है। जिसमें 54.6 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलो डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस
तस्करी, और एक मोटरसाइकिल (हीरो सीडी डीलक्स क्रमांक MP44MR2346) शामिल हैं। जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम फिरोज (पिता शब्बीर (35) निवासी नाका नंबर-4 बघाना) और अमन उर्फ सादिक (पिता अब्दुल सत्तार (20) निवासी जाकिर गली बघाना) हैं।

पूछताछ में खुले 7 और नाम, राजस्थान का तस्कर भी शामिल

गिरफ्तार आरोपियों से हुई सघन पूछताछ में जिले में सक्रिय नशे के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ। आरोपियों ने अपने 7 अन्य साथियों के नाम उगले हैं।  जिन्हें पुलिस ने सह-आरोपी बनाया है। इनमें हमीद उर्फ चन्नू, इल्लू उर्फ इमरान, कासम कुरेशी, रिहान पठान, बाबू उर्फ समीर, और सलाम उर्फ गागू (सभी निवासी बघाना) शामिल हैं। इसके अलावा सोहेल निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) का नाम सामने आने से इस ड्रग सिंडिकेट के अंतरराज्यीय तार जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

बघाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 15, 22, 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 235/2026 दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है। आगे कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews