
Neemuch News: मंदसौर में पदस्थ रहे, ठगी की वारदातों में लिप्त एक आरक्षक ने नीमच में कियोस्क संचालक को चूना लगा दिया। आदतन ठगी के आरोपी पुलिस आरक्षक को मंदसौर में ठगी के मामले में ही हाल ही में निलंबित किया गया था। उसके खिलाफ नीमच पुलिस ने केंट थाने पर अपराध दर्ज कर लिया है।
दरअसल मंदसौर पुलिस महकमे में पदस्थ आरक्षक नरेंद्र बिलवाल आये दिन लोगों को बहला फुसलाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पिछले दिनों उसकी ठगी का शिकार हुए फरियादी की शिकायत की जांच के बाद मंदसौर एसपी ने आरक्षक को निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद भी आरोपी की हरकतों में बदलाव नहीं आया।
नीमच आकर कियोस्क संचालक को बनाया शिकार
उसने मंदसौर छोड़ नीमच में आकर एक ऑनलाइन कियोस्क संचालक को शिकार बनाया। कियोस्क संचालक को उसने पुलिस आरक्षक की पहचान बताकर झांसे में लिया और 9 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए, फिर वहां से रफूचक्कर हो गया। आरक्षक की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। ठगी का शिकार हुए युवक ने एसपी को आवेदन दिया जिसकी जांच पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
[dgv_vimeo_video id=”1027659768″]

नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

