नीमच में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद

नीमच जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 58.840 किलो डोडाचूरा जब्त किया। बिना नंबर की बाइक से जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है।
एमपी में डोडाचूरा तस्करी का भंडाफोड़, नीमच पुलिस ने 58 किलो मादक पदार्थ किया जब्त

मध्यप्रदेश के नीमच जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुकड़ेश्वर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर जा रहे दो लोगों को पकड़कर उनके पास करीब 58.840 किलो डोडाचूरा बरामद किया। जब्त किए गए मादक पदार्थ के साथ बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। शुरुआती कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जब्त किया गया डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

पकड़ी बिना नंबर की बाइक

जानकारी के अनुसार कुकड़ेश्वर थाना पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अरावली गौशाला के पास टामोटी रोड पर एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक को रोककर जांच की। जांच में तीनों बैगों से कुल 58.840 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

अलग-अलग राज्यों के रहने वाले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तार लोगों में रंजीत सिंह (28 वर्ष) शामिल है, जो मूल रूप से फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में बठिंडा, पंजाब में रह रहा था। दूसरा गिरफ्तार व्यक्ति मनीष कुमार (29 वर्ष) है, जो बठिंडा, पंजाब का निवासी बताया गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने बरामद डोडाचूरा के आधार पर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेगी और यह जानकारी जुटाएगी कि बरामद मादक पदार्थ का स्रोत क्या था।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews