प्रदेश भर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इसके तहत अलग-अलग जिले में प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने में लगे हुए हैं। इस कड़ी में नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा मनासा पहुंचे।
मनासा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर के साथ यहां विधायक अनिरुद्ध माधव मारू भी मौजूद थे। विधायक ने कार्यक्रम को संबोधित किया और कलेक्टर शिविर में मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुनते नजर आए। इसके अलावा उन्होंने आंगनवाड़ी का निरीक्षण भी किया।
आंगनवाड़ी के निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर
समाधान शिविर में ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद कलेक्टर चंद्रा मनासा स्थित ग्राम पंचायत ढाकनी पहुंचे। यहां उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी में बच्चों को दी जा रही शालापूर्व शिक्षा की गुणवत्ता परखी। इसी के साथ गंभीर कुपोषण से ग्रसित दो बच्चों की माता को न्यूट्री बास्केट भी वितरित की गई।
कलेक्टर ने बच्चों से किया संवाद
आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर चंद्रा बच्चों के साथ बैठकर संवाद करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर और शिक्षा के गुणवत्ता को परखा। मौके पर मौजूद बच्चे बड़ी ही मासूमियत के साथ कलेक्टर के सामने दीवार पर लिखी हिंदी वर्णमाला के एक-एक अक्षर पढ़ते दिखाई दिए।
चंद्रा ने आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता संबंधित व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। मुख्यमंत्री की पहल पर शुरू किया गया यह जन विश्वास अभियान आम जनता तक शासन प्रशासन की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
