नीमच में बिजली कटौती को लेकर हंगामा, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी

नीमच के कई ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती से नाराज किसानों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। साथ ही गिरदौड़ा में नीमच-मनासा मार्ग पर चक्काजाम किया गया। जिसके बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
Neemuch News

मध्यप्रदेश में सरकार भले ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही हो लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती ने किसानों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कई जिलों में लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीण अब सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं और बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में.. नीमच जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती को लेकर लोगों में आक्रोश नजर आया, जिसके बाद हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई।

बता दें कि शुक्रवार शाम जिले के ग्रामीण अंचलों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों और ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार फूट पड़ा। गिरदौड़ा, परलाई और केलुखेड़ा सहित कई इलाकों में ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नियमित बिजली आपूर्ति की मांग उठाई गई।

ग्रामीणों ने नीमच-मनासा मार्ग पर किया चक्काजाम

बता दें कि विद्युत विभाग की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने गिरदौड़ा में नीमच-मनासा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इससे पहले गिरदौड़ा ग्रिड पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा भी किया। पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ था।

हंगामें के बीच मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी

वहीं, परलाई ग्रिड पर पहुंचे 40-50 किसानों ने तीखा विरोध जताते हुए कहा कि जब दिनभर बिजली नहीं दी गई, तो अब रात को भी आपूर्ति बंद ही रखी जाये। केलुखेड़ा ग्रिड पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि दिनभर खेतों में काम करने के बाद रात को खाना बनाने के समय बिजली काट दी जाती है। चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति शांत कराने के प्रयास किये।

गौरतलब है कि नवरात्रि का त्योहार नजदीक है। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती को गंभीर समस्या माना जा रहा है। नवरात्रि के दौरान रास्तों से लेकर पूजा पंडालों तक रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं के लिए बिजली की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
Kamlesh Sarda

30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews