‘प्रेस’ आईडी और यूट्यूब की आड़ में 70 लाख की अफीम तस्करी, नीमच का फर्जी पत्रकार हरियाणा में गिरफ्तार

नीमच के इस फर्जी पत्रकार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इससे पहले भी इसके खिलाफ पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशा तस्करी का गंभीर मामला दर्ज हो चुका है।
Neemuch Fake journalist arrested in Haryana for opium smuggling

Neemuch Fake journalist arrested in Haryana for opium smuggling

पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद में पुलिस ने मध्य प्रदेश के नीमच जिले से जुड़े अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक कथित पत्रकार को उसकी महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी जा रही है। अफीम की यह खेप नीमच से हरियाणा के फतेहाबाद और सिरसा में सप्लाई करने के लिए लाई जा रही थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने अपनी लग्जरी कार पर ‘प्रेस’ और न्यूज पेपर के स्टिकर लगा रखे थे ताकि वे खुद को मीडियाकर्मी बताकर पुलिस नाकों और चेकिंग से आसानी से बच निकलें।

फर्जी आईडी कार्ड बरामद, महिला साथी भी पकड़ी 

मुख्य आरोपी की पहचान नीमच जिले की रामपुरा तहसील के बरलाई निवासी ईश्वर लाल पाटीदार के रूप में हुई है, जबकि उसकी साथी सोना प्रजापति मध्य प्रदेश के ही रायसेन की रहने वाली है। पुलिस की सघन तलाशी के दौरान ईश्वर लाल के पास से ‘प्रेस’ के चार अलग-अलग फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुए। हैरान करने वाली बात यह है कि इन सभी कार्ड्स पर नाम और पता तो ईश्वर लाल पाटीदार का ही दर्ज है, लेकिन पुलिस को गुमराह करने के लिए तस्वीरें अलग-अलग लगाई गई थीं।

यूट्यूब पर खुद को दिखाता है सक्रिय पत्रकार   

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और अपने यूट्यूब चैनल की आड़ में खुद को एक प्रभावशाली पत्रकार के रूप में पेश करता था, ताकि समाज में रसूख बनाए रखकर मादक पदार्थों की तस्करी के लिए एक सुरक्षित नेटवर्क तैयार कर सके।

फर्जी पत्रकार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी

इस पूरी कार्रवाई के संबंध में फतेहाबाद की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए (CIA) रतिया की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से दिल्ली नंबर की एक होंडा सिटी कार (DL-3CBA-2461) में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लाया जा रहा है। इसी पुख्ता सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-9 स्थित धांगड़ पुल के पास नाकाबंदी कर इस संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस के अनुसार, नीमच के इस फर्जी पत्रकार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इससे पहले भी इसके खिलाफ पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशा तस्करी का गंभीर मामला दर्ज हो चुका है।

सिंडिकेट को खंगालने में जुटी पुलिस 

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर ले लिया है। अब पुलिस इस पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी है ताकि नीमच के उन मुख्य तस्करों का भी पर्दाफाश किया जा सके जो इन्हें इतनी बड़ी मात्रा में अफीम मुहैया कराते थे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews