मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले को आज, रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करोड़ों की सौगात देने वाले है।मुख्यमंत्री जिले में 193 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कुल 59 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इसमें संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट भवन के लोकार्पण सहित अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के प्रमुख बिन्दु
- निवाड़ी में 46 राजस्व स्टॉफ आवास एवं पृथ्वीपुर में 29 राजस्व स्टॉफ आवासों का लोकार्पण करेंगे।
- जिला चिकित्सालय निवाड़ी के 100 बिस्तरीय भवन उन्नयन, ग्राम जेवरा ब्लॉक पृथ्वीपुर में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन, ब्लॉक पृथ्वीपुर में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य भवन, ग्राम सेंंदरी ब्लॉक निवाड़ी में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन एवं संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण करेंगे।
- लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
- लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन ने प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर जमुना भिड़े ने प्रशासनिक अमले के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल (शासकीय पीजी कॉलेज ग्राउंड निवाड़ी), हेलीपैड और नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया व अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद समेत प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम में आने वाली आम जनता की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है।






