आबकारी विभाग की कार्रवाई, की 2 लाख 28 हजार रुपए की अवैध शराब जब्त

आबकारी विभाग की कार्रवाई, की 2 लाख 28 हजार रुपए की अवैध शराब जब्त

बालाघाट, सुनील कोरे। जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा विनिर्माण, परिवहन एवं विक्रय के रोकथाम के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत आज 23 नवंबर को कलेक्टर के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में मुखबिर की सूचना पर भरवेली, पायली, मानेगांव, पेंदीटोला, रमरमा में छापामार कार्रवाई कर 2 लाख 28 हजार 900 रुपये की अवैध शराब एवं महुआ लाहन जब्त किया गया है।

आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर से प्राप्त अवैध शराब रखने और बनाने की सूचना पर आज छापामार कार्रवाई की है। जिसमे ग्राम भरवेली में गीता पति सुखलाल के रिहायशी मकान से लगभग 5 लीटर एवं चन्द्रमुखी बाई पिता चौन सिंह के रिहायशी मकान से लगभग 5 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। इसी प्रकार ग्राम मानेगांव में प्रेमलता पति जितेन्द्र के रिहायशी मकान से लगभग 5 लीटर महुआ की कच्ची शराब एवं ग्राम पायली में राजेश महार के रिहायशी मकान से लगभग 15 लीटर शराब एवं लगभग 120 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।

इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 4 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4500 रुपये तथा महुआ लाहन की कीमत लगभग 8400 रुपए है। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके, आबकारी उपनिरीक्षक रमाकांत बघेल तथा हमराह स्टाफ आबकारी आरक्षक छिद्दीलाल झारिया, लखन चौधरी उपस्थित थे।

इसी तरह की कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर वृत वारासिवनी के अंतर्गत पेंदीटोला एवं रमरमा के जंगल में दो किलो मीटर अंदर छिपाकर अलग-अलग स्थानों से हाथ भट्टी कच्ची शराब बनाने रखे गये 20 प्लास्टिक ड्रामों एवं 55 प्लास्टिक डब्बों में भरे कुल 3600 किलोग्राम तैयार महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त महुआ लाहन की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार रूपये है।

कार्रवाई करने पहुंचे आबकारी अमले ने जब्त महुआ लाहन का सैंपल लेकर उसे मौके पर नष्ट कर दिया। आसपास संद्धिग्ध आरोपियों की तलाश करने पर किसी के नहीं मिलने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा  34 (1)च के तहत दो प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश ठाकुर, वारासिवनी आबकारी उपनिरीक्षक प्रवीण वरकडे़, आरक्षक रमेश मुरकुटे, अतरलाल उइके, डुमारी सिंह मार्को का योगदान सराहनीय रहा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews