Rajasthan Politics: अंता उपचुनाव में बढ़ी हलचल, पूर्व बीजेपी विधायक ने निर्दलीय के रूप में भरा नामंकन

राजस्थान में बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर अब उम्मीदवार चुनावी रण में उतर चुके हैं। नामांकन की आखिरी तारीख पर बीजेपी के पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा।
West Bengal Election

राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव का मुकाबला अब और भी दिलचस्प हो गया है। नामांकन की आखिरी तारीख पर बीजेपी के पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भर दिया। उनके उतरने से चुनावी समीकरण अचानक बदल गए हैं। अब इस सीट पर बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।

2013 में जीत चुके हैं विधायक

रामपाल मेघवाल 2013 में बारां जिले की अटरू विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर विधायक रह चुके हैं। पार्टी से पुराने रिश्ते रखने वाले मेघवाल अब अंता उपचुनाव में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके मैदान में उतरने से बीजेपी और कांग्रेस दोनों को नुकसान हो सकता है। स्थानीय स्तर पर मेघवाल का अच्छा प्रभाव माना जाता है, जो मतदाताओं के समीकरण को प्रभावित कर सकता है।

मुख्य दलों के उम्मीदवार तैयार

अंता सीट से इस बार बीजेपी ने मोरपाल सुमन को उम्मीदवार बनाया है, जो वर्तमान में क्षेत्र के प्रधान और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। वहीं कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया पर भरोसा जताया है, जो पहले भी इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि भाया की पत्नी उर्मिला जैन ने भी कांग्रेस के वैकल्पिक उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। इसके अलावा, एसडीएम से विवाद के बाद सुर्खियों में आए नरेश मीणा ने भी अपनी दावेदारी पेश की है, जिससे मुकाबला और पेचीदा हो गया है।

21 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी

नामांकन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर को पूरी हो गई, जिसके साथ ही अंता सीट पर अब बहुकोणीय मुकाबला तय हो गया है। यह उपचुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। वहीं, रामपाल मेघवाल के निर्दलीय रूप से उतरने से राजनीतिक समीकरणों में अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बढ़ती दावेदारियों और रणनीतिक तैयारियों के चलते अंता सीट का उपचुनाव अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews