पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की मंडियों में जारी हड़ताल को लेकर राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खाद्य पदार्थों पर यूजर चार्ज लगाने का आदेश न केवल व्यापारियों पर बोझ डाल रहा है, बल्कि आम जनता को भी परेशानी में डाल रहा है।
आदेश से बढ़ेगी महंगाई
गहलोत ने बताया कि सरकार ने आदेश दिया है कि मंडी और उप-मंडी यार्ड में गैर-अधिसूचित कृषि उपज व खाद्य पदार्थों पर प्रति 100 रुपए के लेन-देन पर 50 पैसे यूजर चार्ज देना होगा। इसमें दाल, चावल, आटा, मैदा, सूजी, तिलहन, खाद्य तेल, नमक और ड्राय फ्रूट्स जैसे रोजमर्रा के सामान भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ेंगे और उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें
राज्य सरकार को बातचीत का सुझाव
गहलोत ने कहा कि प्रदेश की 247 मंडियां हड़ताल पर हैं। इससे व्यापारियों को बड़ा नुकसान हो रहा है और ग्राहकों को आवश्यक वस्तुएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य सरकार को तुरंत व्यापारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालना चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके और व्यापार सामान्य हो सके।