कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार: मदन राठौड़ ने कहा, गहलोत को पहले से पता था, अब चर्चा बेकार है

कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार: मदन राठौड़ ने कहा, गहलोत को पहले से पता था, अब चर्चा बेकार है

बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ आज डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहे। सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद राठौड़ पार्टी कार्यालय पहुंचे और आगामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने बांसवाड़ा में बनने वाले परमाणु बिजलीघर का विरोध करने वालों पर निशाना साधा और कहा कि इससे पूरे क्षेत्र में बिजली की समस्या खत्म होगी, उद्योग, व्यापार और किसान सभी को फायदा मिलेगा। राठौड़ ने कहा कि विरोध सिर्फ राजनीति के लिए किया जा रहा है।

स्पीकर पर आरोपों को गलत ठहराया

विधानसभा में कैमरे के मुद्दे पर चल रहे विवाद पर राठौड़ ने कहा कि ये कैमरे नई विधानसभा बनने के समय से लगे हुए हैं और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी यह पता था। उन्होंने कहा कि स्पीकर पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। स्पीकर विधानसभा का मुखिया होता है और सुरक्षा के लिए उसके पास अधिकार हैं। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को राजनीति के लिए उछालना अनुचित है और इसमें कोई नई बात नहीं है।

धर्मांतरण विरोधी कानून पर राठौड़ का बयान

धर्मांतरण विरोधी कानून को लेकर राठौड़ ने कहा कि सरकार ने इसे पहली बार कानून के रूप में लागू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लालच, दबाव या शिक्षा-स्वास्थ्य के नाम पर किसी का धर्म परिवर्तन करवाना पूरी तरह गैरकानूनी और अनैतिक है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को कानूनी और आर्थिक दंड का सामना करना पड़ेगा। राठौड़ ने कहा कि यह कानून समाज की नैतिक और धार्मिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए बनाया गया है।

मानगढ़ और कालीबाई के इतिहास पर सफाई

राजस्थान की पाठ्यपुस्तकों से मानगढ़ धाम के इतिहास को हटाने की अफवाहों पर राठौड़ ने कहा कि यह पूरी तरह गलत है। चौथी कक्षा के पाठ को 5वीं कक्षा में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने कालीबाई के इतिहास को हटाने की झूठी खबरों को भी खारिज किया और बताया कि अब इसे 7वीं कक्षा में जोड़ा गया है ताकि छात्र इसे अच्छे से समझ सकें। राठौड़ ने कहा कि ये बदलाव शैक्षिक सुधार के तहत किए गए हैं, किसी भी तरह का इतिहास नहीं मिटाया गया।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews