सीएम भजनलाल ने PM Modi से की मुलाकात, बुधवार को बुलाई कैबिनेट की बैठक, अटकलों का बाजार गर्म

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार पहले ही हो चुका है, जबकि राजस्थान व मध्य प्रदेश में इसकी चर्चा जारी है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि भाजपा गुजरात मॉडल की तरह राजस्थान में भी बड़ा चेहरा बदल सकती है।
CM Bhajan Lal Sharma met PM Modi

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से भेंट की, उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीर X पर शेयर की है और लिखा “आज नई दिल्ली में विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, राष्ट्रप्रथम के संकल्प के प्रतीक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने लिखा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनकल्याण और सुशासन के दो सफल वर्ष पूर्ण किए हैं। इस अवसर पर राजस्थान पधारने का उनसे निवेदन भी किया। प्रदेश उनके नक्शे-कदम पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा।

बुधवार 3 दिसंबर को मंत्रिमंडल की बैठक  

इस मुलाकात को हालांकि शिष्टाचार भेंट कहा जा रहा है लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा कल 3 दिसंबर बुधवार को कैबिनेट की बैठक बुलाना इसे अहम बना रहा है, प्रदेश के सियासी गलियारों में इसे मंत्रिमंडल में कुछ बदलाव की नजर से देख रहा है, भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो सीएम भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री मोदी के बीच 10 दिसंबर को प्रस्तावित प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन और मंत्रिमंडल फेरबदल पर चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रण भी दिया है।

मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों से सियासी पारा चढ़ा 

राजस्थान सरकार ने पिछले साल राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर वर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने का निर्णय लिया था। पिछले साल समिट का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया था, इस साल भी सरकार का यही प्रयास है। उधर खबर ये भी है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री से प्रस्तावित मंत्रिमंडल बदलाव पर मार्गदर्शन लिया है और इसकी जानकारी उन्हें दी है, हरी झंडी मिलते ही इसपर अमल होगा, हालाँकि ये अटकलें हैं, क्योंकि अभी तक इसपर  कोई अधिकृत बयान नहीं आया है लेकिन इस चर्चा से ही सियासी परा चढ़ा हुआ है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, ललन सिंह से की मुलाकात  

नई दिल्ली प्रवास के दौरान ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं रसायन व उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मिलकर जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सीएम ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर डबल इंजन सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर राजस्थान में विकास और सुशासन की दिशा में किए जा रहे नवाचारों, लोक कल्याणकारी योजनाओं और सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री ललन सिंह से भेंट कर पंचायती राज और पशुपालन व डेयरी उत्पादों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा की।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews