दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, यात्री बस ट्रेलर से टकराई, 7 की मौत, 22 लोग हुए घायल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हरिद्वार से इंदौर जा रही एक यात्री बस ट्रेलर से टकराकर आग की चपेट में आ गई, जिसमें 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 22 यात्री घायल हो गए।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, यात्री बस ट्रेलर से टकराई, 7 की मौत, 22 लोग हुए घायल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार-बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की जान चली गई। दरअसल हरिद्वार से इंदौर जा रही एक यात्री बस अचानक बेकाबू होकर एक ट्रेलर से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 22 अन्य यात्री घायल भी हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दरअसल कोलवा पुलिस थाना क्षेत्र के पास रात करीब ढाई बजे यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। बस का बड़ा हिस्सा कुछ ही देर में जलकर राख हो गया, जिससे मौके पर चारों तरफ धुआं फैल गया।

बस में कुल 37 यात्री सवार थे

बस में कुल 37 यात्री सवार थे। शुरुआत में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन राहत और बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या भी बढ़ती गई। पहले 6 शव अस्पताल पहुंचाए गए और बाद में डॉक्टरों ने एक और यात्री की मौत की पुष्टि की, जिससे कुल मौतों का आंकड़ा 7 हो गया। घायलों की संख्या 22 बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त एसपी योगेंद्र फौजदार ने बताया कि यह हादसा रेस्ट एरिया के पास हुआ। दौसा एसपी पीयूष दीक्षित भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की है।

वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधी रात के बाद हुए इस हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद बस में लगी आग और उठते धुएं से पूरा इलाका डरावना हो गया था। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में जुट गए। उन्होंने बताया कि कई यात्री आग में बुरी तरह झुलस गए, जबकि कुछ टक्कर लगने से घायल हुए। एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे की सही वजह का पता लगाया जा सके। मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने का काम भी जारी है। यह घटना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews